बिहार के खगड़िया में एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने बिना हेलमेट बाइक सवार को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार मछली व्यवसायी का सिर फटने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना चौथम थाना क्षेत्र के पटेल नगर स्थित पेट्रोल पंप के पास एनएच 107 की है। मृतक की पहचान चौथम थाना क्षेत्र के रोहियार पंचायत के बंगलिया गांव के वार्ड चार निवासी जवाहर सिंह के बेटे दीपक कुमार के रूप में हुई है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि एक तेज रफ्तार हाइवा ट्रक चौथम बाजार की ओर से सोनबरसा घाट की ओर जा रहा था। उसी वक्त बिना हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवक रोड पार कर रहे थे। तभी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और हाइवा उसे रौंदते हुए बाइक चला रहे युवक के ऊपर से गुजर गया। वहीं, हैरत की बात है कि दूसरा युवक बाल-बाल बच जाता है। बताया जाता है कि हाइवा का पहिया बाइक सवार युवक के सिर पर से गुजरने के कारण फट गया। इस वजह से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक भी बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
मृतक युवक के पिता ने बताया कि दीपक मछली का व्यवसाय करता था। वह सोनबरसा घाट से मछली लाने गया था। इसी बीच हादसा हो गया। वहीं, घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ ने हाइवा को पकड़ लिया। जबकि चालक फरार हो गया। सूचना मिलते ही चौथम थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हाइवा को भी अपने कब्जे में ले लिया।