बिहार के आरा में महिला को किया जिंदा जलाने का प्रयास
- फोटो : social Media
पुतुल की शादी 10 साल पहले पास के ही गांव के रवींद्र से हुई थी। उसे कोई औलाद नहीं हो रही थी तो ससुरालवालों ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। मारपीट की यह घटना रोजाना की हो गई और सोमवार को तो ससुरालवालों ने मानवता को तार-तार कर दिया। पहले तो उसे बुरी तरह मारा-पीटा और जब वह बेहोश हो गई, तो नदी किनारे ले जाकर चिता पर जलाने जा रहे थे।
घटना बिहार के भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र की है। सुबह शौच करने को सोन नदी किनारे गए एक ग्रामीण ने जब महिला की चीख-पुकार सुनी और पास पहुंचे तो देखा कि 10-12 लोग महिला को जलाने का प्रयास कर रहे थे। ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी, तो वे लोग फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को अस्पताल भिजवाया। समय पर पुलिस नहीं पहुंचती तो औलाद न होने के लिए महिला को जिम्मेदार मानकर जला दिया गया होता। बचरी गांव निवासी महिला के भाई गणेश ठाकुर ने बताया कि 10 साल पहले उसकी बहन पुतुल की शादी रवींद्र ठाकुर के साथ हुई थी। औलाद नहीं होने की बात पर झगड़ा कर ससुरालवाले हमेशा उसकी बहन से मारपीट करते थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले महिला के ससुराल वाले वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने महिला को चिता से उठाकर अस्पताल भिजवाया। महिला से पूरी जानकारी लेने के बाद मामले में कड़ी कार्रवाई का दावा किया।