बिहार के बेतिया में पुलिस दबिश के कारण अपनी ही बेटी के हत्यारे पिता ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। मंगलवार को लौरिया थानाध्यक्ष कैलाश कुमार ने बताया कि हत्या में शामिल मृतका की मां लक्ष्मीना देवी को 19 अप्रैल को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी। इसी सिलसिले में सोमवार को आरोपी पिता मनोज महतो ने बेतिया न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। उसे रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। रिमांड पर लेकर उससे उसकी बेटी की हत्या मामले में गहन पूछताछ की जाएगी।
चौकीदार के बयान पर मां-बाप पर है दर्ज हत्या का मामला
थानाध्यक्ष कैलाश कुमार ने बताया कि बीते 17 अप्रैल को बेलवा लखनपुर पंचायत स्थित सिकरहना नदी के जिरीया घाट से
बालू में आधा गड़ा एक युवती का शव बरामद किया गया था। शव की शिनाख्त नहीं होने पर उसका पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार करा दिया गया था। जांच में पता चला कि मृतका लड़की थाना क्षेत्र के मिश्रटोला निवासी मनोज महतो और लक्ष्मीना देवी की बेटी कविता (17) है। उसकी हत्या उसके मां-बाप ने ही की है।
घटना के बाद से आरोपी पिता था फरार
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पुलिस ने चौकीदार उमाशंकर यादव के बयान पर लड़की के माता-पिता पर बेटी का हत्या करने और शव छिपाने की नीयत से नदी किनारे रेत में गाड़ने की एफआईआर दर्ज की थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर मृतका की मां को उसके पड़ोसी के घर से छापेमारी कर 19 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया था। फिर पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हालांकि मृतका का पिता मनोज महतो फरार चल रहा था, जिसने पुलिस दबिश के कारण सोमवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।