एनएमसीएच में भरा बारिश का पानी
- फोटो : PTI
राजधानी पटना में बारिश की वजह से मुख्य सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी के घर पर जलजमाव हो गया है। पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में घुटने भर पानी भर गया है। वार्ड से लेकर आईसीयू तक पानी भरा हुआ है।
मेडिकल कॉलेज परिसर में एंबुलेंस भी पानी में ही खड़े हैं, जबकि परिजन, मरीजों को स्ट्रेचर पर लेकर घुटने भर पानी से होते हुए वार्ड तक पहुंच रहे हैं। बहुत आपात स्थिति में ही मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि मरीजों को कॉलेज के ऑडिटोरियम में शिफ्ट किया गया है।
बिहार के कई जिलों में लगातार बारिश जारी है। पटना और भागलपुर समेत मुजफ्फरपुर, गया, जमुई, औरंगाबाद, दरभंगा, पूर्णिया, बेतिया, जहानाबाद समेत कई अन्य जिलों में बारिश हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर कई जिलों के जिलाधिकारियों ने अगले दो दिनों तक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
गंगा का जलस्तर बढ़ा, सीएम नीतीश ने दिए निर्देश
भारी बारिश के बाद प्रदेश में गंगा, कोसी और गंडक जैसी प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। पटना से लेकर मुंगेर, बेगूसराय और भागलपुर तक गंगा में पानी बढ़ता जा रहा है। सीएम नीतीश कुमार के निर्देश पर आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड में है।
पटना में उच्च स्तरीय बैठक के बाद जिलों में जिलाधिकारियों ने भी अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों संग चर्चा की। किसी भी संभावित खतरे के लिए आपदा प्रबंधन विभाग का नियंत्रण कक्ष 24 घंटे खुला रहेगा।
नियंत्रण कक्ष का संपर्क नंबर-
0612-2294204,
0612-2294205,
0612-2219810