अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट का आरोपी तौसीफ खान (फाइल फोटो)
साल 2008 में अहमदाबाद में हुए सीरियल ब्लास्ट के आरोपी तौसीफ खान को गुजरात एटीएस सोमवार को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। तौसीफ को कुछ महीने पहले बिहार एटीएस ने गिरफ्तार किया था। वह गया सेंट्रल जेल में बंद था।
तौसीफ को सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच चार्टर्ड प्लेन से अहमदाबाद ले जाया गया। गुजरात एटीएस की टीम यहां इंस्पेक्टर एसएल चौधरी के नेतृत्व में पहुंची थी। चौधरी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि तौसीफ कुल 39 मामलों में आरोपी है। ये सारे मामले अहमदाबाद और सूरत के विभिन्न थाना क्षेत्रों के हैं और आतंकी गतिविधियों से जुड़े हैं।
गया के डीएसपी आलोक कुमार सिंह के अनुसार तौसीफ को 14 सितंबर को सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र के भगत सिंह चौक से उसके दो सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि तौसीफ को गुजरात एटीएस की टीम पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। टीम रविवार को गया पहुंची थी और स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल किया।
इंजीनियरिंग स्नातक तौसीफ गया के एक गांव के स्कूल में शिक्षक के तौर पर काम करता था। कथित तौर पर वह छात्रों में राष्ट्र विरोधी भावनाएं भड़काने का काम करता था। बता दें कि 26 जुलाई 2008 को हुए इस सीरियल ब्लास्ट में 56 लोगों की मौत हुई थी। 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।