फादर्स डे बेशक 18 जून को है, लेकिन बिहार में लालू के बड़े बेटे और स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने पिता के लिए दिन रात एक किया हुआ है। तेज प्रताप ने लालू के बीमार होने पर राज्य के सबसे
बड़े अस्पताल के तीन डॉक्टर और दो नर्सों की तैनाती घर पर की थी।
इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (आइजीआइएमएस) के 31 मई को जारी विभागीय खत से इस बात का पता चला है। पत्र के मुताबिक, संस्थान के तीन डॉक्टर और दो नर्सों की ड्यूटी 31 मई से 8 जून तक 10 सर्कुलर रोड, पटना में लगाई गई थी।
जिन डॉक्टरों को तैनात किया गया था, उनमें जनरल मेडिसिन डिपार्टमेंट के विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश कुमार, जनरल सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण गोपाल जो संस्थान के अपर चिकित्सा अधीक्षक भी हैं और फॉरेन्सिक मेडिसिन विभाग के डॉ. अमन कुमार जो संस्थान के उप चिकित्सा अधीक्षक हैं। इनके अलावा दो पुरुष नर्सो अनिल सैनी को आईसीयू से और विक्रम चारण को न्यूरो ओटी से यहां तैनात किया गया था। गौरतलब है कि लालू कुछ समय पहले बीमार चल रहे थे और मीडिया में भी उनकी कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिसमें वह काफी बीमार लग रहे थे।
इस संबंध में संस्थान के निदेशक डॉक्टर एनआर विश्वास ने कहा कि तैनाती तेज प्रताप के घर की गई थी, लेकिन उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि आखिर बीमार तेज प्रताप थे या उनके घर का कोई और सदस्य। हालांकि उन्होंने माना कि वह और अस्पताल दोनों वीआईपी पैरवी से आजिज आ गए हैं।