भड़काऊ बयान देकर पहले भी बखेड़ा खड़ा कर चुके भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने एक बार फिर से विवाद पैदा कर दिया है। गिरिराज सिंह ने बुधवार को विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि सभी आतंकी एक समुदाय विशेष से ही संबंध रखते हैं।
उन्होंने साथ ही कहा कि यह छद्म धर्मनिरपेक्षता का आदर्श उदाहरण है क्योंकि इस मुद्दे पर सेक्युलर नेता कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। कांग्रेस ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है।
गिरिराज ने कहा, ‘आतंकवाद का मुद्दा एक देश से जुड़ा हुआ है न कि समुदाय से, आखिर क्यों सेक्युलर नेता उस समय चुप रहते हैं जब आतंकवाद के मामले में एक खास समुदाय का व्यक्ति गिरफ्तार होता है।’
'एक ही समुदाय के हैं सभी'
बिहार की नवादा लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार ने कहा, ‘मैं यह नहीं कह रहा हूं कि उस समुदाय के सभी लोग आतंकी हैं, लेकिन जो भी पकड़ा जा रहा है, वह उसी समुदाय से है। यह मानसिकता देश के लिए बेहद खतरनाक है। यह छद्म धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रीयता का आदर्श उदाहरण है। ये लोग वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं।’
गिरिराज ने कहा कि एनआईए की सूची इस बात का पुख्ता सबूत है कि आतंकवादी किस समुदाय से संबंध रखते हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर वे एक समुदाय को पाएंगे, तो वह यही एक समुदाय होगा। किसी भी समुदाय से संबंध रखने वाला व्यक्ति आतंकी ही रहेगा, वह देशभक्त नहीं कहलाएगा। आतंकवादी हमेशा आतंकी ही रहेगा, चाहे वह हिंदू हो या मुस्लिम।’
सलमान खुर्शीद ने साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने गिरिराज व भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आतंकवाद अलग-अलग प्रारूप में सामने आता है। आतंकवाद की सोच भी उतनी ही बुरी है, जितनी की हथियारों से आतंकवाद फैलाने की। गिरिराज को यह समझना चाहिए। वह क्या कहते हैं, कब कहते हैं और कैसे कहते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि इसका क्या प्रभाव होगा। यह देश किसी धर्म की तुलना आतंकवाद से नहीं कर सकता।’