फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: मंदिर परिसर के पास हड्डी मिलने से मचा हड़कंप, शांति समिति बैठक के बाद मामला शांत

Sat, 30 May 2026 03:42 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला,गया

सार

गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के मैरा गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर के पास पीपल के पेड़ के नीचे एक छोटी हड्डी मिलने से शनिवार को कुछ समय के लिए इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
विज्ञापन
घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती गया पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के मैरा गांव में स्थित हनुमान मंदिर परिसर के पास एक छोटी हड्डी मिलने की सूचना से शनिवार को इलाके में कुछ समय के लिए हलचल मच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश या सुनियोजित साजिश के कोई प्रमाण नहीं मिले। पुलिस ने दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
विज्ञापन


सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे इमामगंज थाना अध्यक्ष को सूचना मिली कि ग्राम मैरा में एसएच-69 से सटे हनुमान मंदिर परिसर के समीप पीपल के पेड़ के नीचे एक छोटी हड्डी पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई। इसके बाद इमामगंज, मैगरा और भदवर थाना अध्यक्ष समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे तथा पूरे मामले की जांच शुरू की।

जांच में सामने आई यह संभावना

मौके पर जांच के दौरान मंदिर परिसर के निकट एक छोटी हड्डी बरामद की गई। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में मनाए गए बकरीद पर्व के दौरान किसी बाहरी स्थान से कुत्ता, अन्य जानवर या कोई पक्षी हड्डी उठाकर वहां छोड़ गया होगा। ग्रामीणों का कहना था कि मंदिर परिसर के चारों ओर बाउंड्री नहीं होने के कारण जानवरों का वहां तक पहुंचना आसान है। ऐसे में हड्डी का वहां पहुंचना संभव प्रतीत होता है।
विज्ञापन


साजिश या सांप्रदायिक तनाव का कोई संकेत नहीं

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और आसपास की परिस्थितियों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही स्थानीय लोगों से मिली जानकारी का भी अवलोकन किया गया। जांच के दौरान किसी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश अथवा किसी सुनियोजित साजिश से जुड़ा कोई तथ्य सामने नहीं आया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले को लेकर किसी तरह की अफवाह फैलाने की आवश्यकता नहीं है।

शांति समिति की बैठक में दिया गया सौहार्द का संदेश

स्थिति को पूरी तरह सामान्य बनाए रखने के लिए इमामगंज, मैगरा और भदवर थाना अध्यक्ष की मौजूदगी में मंदिर के समीप स्थित विद्यालय में दोनों समुदायों के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी लोगों ने आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने पर सहमति जताई। लोगों ने किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने का संकल्प लिया।

ये भी पढ़ें: बिहार कृषि विश्वविद्यालय में हुआ 35 करोड़ का घोटाला! कैग की रिपोर्ट में क्या? PM मोदी तक पहुंची शिकायत
विज्ञापन


पुलिस की निगरानी जारी

पुलिस प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है। एहतियात के तौर पर इलाके की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे केवल सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। घटना की सूचना मिलने के बाद गया पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति बनी हुई है।

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें