Gaya News: जिले के बेलागंज और चाकंद थानाक्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दो शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक शव चाकंद थाना क्षेत्र के बलना गांव के निकट सड़क किनारे से बरामद हुआ है, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। दूसरा शव बेलागंज थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन के निकट से मिला है, हालांकि दूसरे शव की पहचान हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को जिले के चाकंद थाना की पुलिस को बलना गांव के निकट सड़क किनारे में शव होने की सूचना मिली। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। वहीं चाकंद थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
परिजनों को दी गई सूचना
इसके अलावा बेलागंज थाना क्षेत्र में स्थित रेलवे लाइन के निकट से युवक का शव मिला। बेलागंज थाना की सीमा में आने के कारण वहां की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की कोशिश की। बेलागंज थाना प्रभारी ने बताया कि रेलवे लाइन के निकट से युवक का शव बरामद किया गया है। प्रथम दृष्टा से पता चलता है कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। मृतक की पहचान जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के तड़का गांव का रहने वाले सहदेव चौधरी के पुत्र उमेश चौधरी के रूप में की गई। शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।