गांधी मैदान में धरना प्रदर्शन करते राजद के विधायक
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने बुधवार को गयाजी में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मगध प्रमंडल मुख्यालय स्थित गांधी मैदान के समीप नंबर गेट पर राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर केंद्र और बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा जनहित के मुद्दों पर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया।
गांधी मैदान में जुटी राजद कार्यकर्ताओं की भीड़
धरना-प्रदर्शन में राजद के विधायक, पूर्व विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है, लेकिन सरकार मूल समस्याओं का समाधान करने के बजाय लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
‘नौकरी नहीं, युवाओं को मिल रही लाठियां’
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विनय कुमार यादव, राजद नेत्री तनुश्री तथा वरिष्ठ नेता रौशन मांझी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि बिहार में युवा रोजगार मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें नौकरी के बजाय लाठियां मिल रही हैं। राजद नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ-साथ बिजली, पानी और रसोई गैस जैसी बुनियादी सुविधाएं भी लोगों के लिए महंगी होती जा रही हैं।
सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
नेताओं ने दावा किया कि राजद जनता की आवाज बनकर संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से ध्यान हटाकर समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने सरकार से महंगाई पर नियंत्रण, युवाओं को रोजगार, भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई और आम जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन मुद्दों पर गंभीर पहल नहीं हुई तो आंदोलन को राज्यव्यापी बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें:
किन बातों को लेकर लालू प्रसाद ने नीतीश कुमार पर लगाया बड़ा आरोप? कहा- सब पागल हो गए हैं
धरने के दौरान पुलिस रही अलर्ट
धरना-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन राजद नेताओं ने आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करने के संकेत दिए।