बिहार के गया में अब साधु के भेष में भी शातिर लूटपाट की घटना को अंजाम देने लगे हैं। कुछ ऐसा ही मामला गया शहर से सामने आया है। ऐसे शातिर चेन स्नैचर्स के गिरोह को पुलिस ने पकड़ा है, जो साधु की भेष में महिलाओं के आभूषण पर अपना हाथ साफ करते थे। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिसमें आरोपियों की पहचान बिहार के रोहतास जिले के तिलौथू गांव के रहने वाला गुड्डू लठौर और कंपे लठौर के रूप में हुई है।
इस संबंध में शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुलिस अड्डा के पास रहने वाले राॅकी कुमार ने बताया कि बीते दिन सुबह घर से बाहर गए थे। घर पर पत्नी अकेली थी। इसी बीच दोपहर घर पर साधु की वेषभूषा में दो साधु भीख मांगने आए थे। पत्नी पैसे के रूप में भीख देने घर से निकली, लेकिन दोनों साधुओं ने भीख के रूप में चावल मा़ंगा। पत्नी ने दोनों साधुओं को चावल लाकर दे दिया। उसके बाद दोनों ने चावल में कुछ मिलाकर पत्नी के ऊपर छिड़क दिया। चावल छिटकते ही पत्नी बेहोश हो गई। फिर दोनों साधु ने पत्नी के गले से मंगलसूत्र, कान का गहना और घर में रखे 4200 लेकर फरार हो गए। जब जानकारी मिली तो दोनों ठग साधुओं की खोजबीन करने लगे। अचानक शहर के गुरुद्वारा रोड के समीप दो संदिग्ध साधु नजर आया। दोनों को पकड़ कर पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया।