साथ जीने और मरने की कसमें खाने का चलन आम तौर पर फिल्मों में होता है, लेकिन गयाजी जिले के परैया प्रखंड के रामडीह गांव में एक दपंती की एक साथ मौत हुई तो उनके जीवन में यही साबित हुआ।
पति की 10 मिनट भी जुदाई पत्नी सहन नहीं कर पाई और पति की मौत के बाद उसने भी प्राण त्याग दिए। अब एक साथ दोनों की अर्थी निकलेगी और एक ही चिता पर दाह संस्कार होगा। इस खबर से गांव के हर शख्स की आंख नम हो गई। आज रात दोनों की एक साथ चिताएं जलाई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, परैया प्रखंड के ग्राम पंचायत मंझिआवां के रामडीह गांव निवासी नंदकिशोर शर्मा (60) व उनकी पत्नी मानती देवी (58) दोनों की एक साथ घर से अर्थी उठेगी। इससे पूरे गांव में शोक की लहर छा गई। मृतक के एक रिश्तेदार ने बताया कि नंदकिशोर शर्मा हमारे ससुर थे, हम उनके बड़े दामाद हैं। इनके एक पुत्र और चार पुत्रियां हैं। बेटे एवं सभी बेटियों का विवाह हो चुका है।
उन्होंने बताया कि नंदकिशोर का पुत्र कोलकाता में अपना निजी काम करता है। एक सप्ताह पूर्व दोनों पति-पत्नी अपने बेटे-बहू के पास एक महीने कोलकाता में रहकर आए थे। दो दिन पूर्व अचानक खांसी और सीने में दर्द हुआ तो गयाजी के डॉ. आर के रश्मि से उचित सलाह लेकर दवा लेकर आए थे। शुक्रवार की अहले सुबह अचानक सीने में दर्द हुआ और हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई। पति की मौत के बाद उनकी पत्नी मानती देवी भी सदमे में आ गईं और बेहोश हो गई। परिजन जब उन्हें चिकित्सक पास ले गए तो उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें- Accident Today: दादा-पिता की जान गई, घायल बच्ची मौत से जूझ रही; ट्रैक्टर से टकराई बाइक, परिवार पर टूटा पहाड़
उन्होंने कहा कि वे पति की जुदाई सहन नहीं कर सकीं और 10 मिनट बाद उन्होंने भी प्राण त्याग दिए। अब दाह संस्कार के लिए तैयारी की जा रही है, जहां दोनों पति-पत्नी की एक साथ अर्थी निकाली जाएगी। एक ही चिता पर दाह संस्कार किया जाएगा।