गया के आजाद पार्क के पास महिला का पीछा करने के आरोप में पकड़े गए युवक पिटाई करते लोग
गया जी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को महिला का लगातार पीछा करने के आरोप में लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। आजाद पार्क के पास लोगों ने युवक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला का पीछा करने का आरोप
गया शहर के बीएन झा रोड स्थित आजाद पार्क के पास बुधवार को स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। आरोप है कि युवक पिछले तीन दिनों से एक महिला का लगातार पीछा कर रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक के व्यवहार से महिला परेशान थी। उस पर अन्य लड़कियों का भी पीछा करने का आरोप लगाया गया। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
भीड़ के सामने माफी मांगता रहा युवक
घटना के दौरान मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए। वायरल वीडियो में युवक लोगों से माफी मांगता नजर आ रहा है। वह खुद को बचाने के लिए कह रहा है कि उससे गलती हो गई और उसे माफ कर दिया जाए। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ।
पढ़ें: बंद निगमों के कर्मचारियों को मिलेगा एक-एक लाख मुआवजा, तीन महीने में भुगतान के निर्देश
पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के कब्जे से निकालकर थाने ले गई। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस युवक के बारे में जानकारी जुटाने के साथ यह भी पता कर रही है कि महिला का पीछा करने के पीछे उसकी क्या वजह थी। साथ ही, उसके पहले भी इस तरह की किसी घटना में शामिल होने की जांच की जा रही है।
महिला के आवेदन का इंतजार
कोतवाली थाना अध्यक्ष ने बताया कि एक युवक द्वारा महिला का लगातार तीन दिनों से पीछा किए जाने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। उन्होंने बताया कि अभी तक महिला की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।