फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: गया में विकास का मेगा ब्लूप्रिंट, 200 करोड़ के टेक्नोलॉजी सेंटर से बदलेगी मगध की तस्वीर, तैयारियां तेज

Wed, 10 Jun 2026 10:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया

सार

गया जिले में औद्योगिक और तकनीकी विकास को नई गति देने के लिए 200 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। 15 जून को प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
विज्ञापन
गया में सीएम सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर सभा स्थल का जायजा लेते डीएम शशांक शुभंकर, सीनियर एसपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गया जिले में औद्योगिक और तकनीकी विकास को नई दिशा देने की तैयारी तेज हो गई है। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर के भूमि पूजन का कार्यक्रम 15 जून को प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियों को युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। मानसून और बारिश की चुनौतियों के बीच भी प्रशासन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटा हुआ है।

विकास की दिशा में बड़ा कदम

प्रस्तावित टेक्नोलॉजी सेंटर को गया और पूरे मगध क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इस सेंटर के बनने से स्थानीय युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार और उद्योगों से जुड़ने के नए अवसर मिलेंगे। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को क्षेत्र के विकास का नया इंजन माना जा रहा है।

डीएम ने किया स्थल का निरीक्षण

भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, सीनियर एसपी सुशील कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान मंच, सभा स्थल, स्टेट हैंगर, पार्किंग, हेलिपैड और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की हर छोटी-बड़ी आवश्यकता पर चर्चा की और संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बारिश को देखते हुए विशेष तैयारी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को स्थल पर मौजूद बालू और नमी के कारण पैदल चलने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पहले पूरे परिसर को समतल किया जाए और आवश्यक स्थानों पर मेट बिछाए जाएं। अधिकारियों ने बताया कि यदि मानसून सक्रिय होता है तो कार्यक्रम की व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से वैकल्पिक तैयारियां की जा रही हैं। जमीन को मजबूत और समतल बनाए रखने के लिए लगातार पानी का छिड़काव भी कराया जाएगा।

वीआईपी और आम लोगों के लिए अलग व्यवस्था

प्रशासन ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले वीआईपी और आम लोगों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की योजना बनाई है। हेलिपैड को मुख्य प्रवेश द्वार के पास प्रस्तावित किया गया है, जबकि सीमित संख्या में ही वीआईपी वाहनों को कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति होगी। वहीं आम लोगों के वाहनों को श्रीपुर पुल के पास पार्क कराया जाएगा। वहां से लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें: दहेज में नहीं मिली कार तो ली जान? पूर्णिया में विवाहिता की मौत; शरीर पर मिले चोट के निशान, पति गिरफ्तार
विज्ञापन

 

सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष रणनीति बनाई गई है। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, रूट लाइनिंग, ट्रैफिक नियंत्रण और जनसभा प्रबंधन के सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन का लक्ष्य है कि हजारों लोगों की मौजूदगी और वीआईपी मूवमेंट के बावजूद कार्यक्रम पूरी तरह व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

15 जून पर टिकी सबकी नजर

फिलहाल जिला प्रशासन का पूरा अमला 15 जून को प्रस्तावित भूमि पूजन कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटा हुआ है। अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग और तैयारियों के बीच गया में बनने जा रहा यह टेक्नोलॉजी सेंटर क्षेत्र के औद्योगिक और तकनीकी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। गया में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित आगमन को लेकर सभा स्थल का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, सीनियर एसपी सुशील कुमार और अन्य अधिकारी तैयारियों का जायजा लेते नजर आए।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें