फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: भाजपा प्रदेश नेता अमित दांगी पर जानलेवा हमला, राजद विधायक के भाई पर गंभीर आरोप

Sun, 01 Dec 2024 09:46 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया

सार

Gaya News: भाजपा नेता अमित दांगी का कहना है कि यह हमला पैक्स चुनाव के कारण किया गया है, जिसमें वह खुद प्रत्याशी हैं और राजद समर्थित उम्मीदवार भी मैदान में हैं। हालांकि राजद विधायक ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। पढ़ें पूरी खबर...।
विज्ञापन
भाजपा नेता अमित दांगी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गया जिले में भाजपा प्रदेश नेता और चिरौला पंचायत के पैक्स प्रत्याशी अमित दांगी पर शनिवार देर रात जानलेवा हमला हुआ। इस हमले ने राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। घटना के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया जा रहा है, जिसमें राजद विधायक विनय यादव के भाई समेत तीन लोगों का नाम सामने आया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

विज्ञापन

 
हमलावरों ने बीच रास्ते में गाड़ी रोककर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, अमित दांगी शनिवार रात दरियापुर मीरगंज गांव में लोगों से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान कुछ हथियारबंद हमलावरों ने उनकी गाड़ी रोक ली और उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सोने की चेन लूट ली और फायरिंग कर उनकी हत्या की कोशिश की। एक गोली उनके कान के पास से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए।

हमले के दौरान दांगी ने पास के एक घर में छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद भी हमलावरों ने पत्थरबाजी की, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही भाजपा समर्थकों की भीड़ मौके पर जुट गई और स्थिति को संभाला गया।
विज्ञापन

 
राजद विधायक के भाई समेत तीन लोगों पर आरोप
हमले के बाद अमित दांगी ने गुरुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने राजद विधायक विनय यादव के भाई, उनके पेट्रोल पंप के मैनेजर और एक स्थानीय मुखिया पर जानलेवा हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। दांगी का कहना है कि यह हमला पैक्स चुनाव के कारण किया गया है, जिसमें वह खुद प्रत्याशी हैं और राजद समर्थित उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
 
विधायक ने आरोपों को बताया राजनीति से प्रेरित
वहीं, राजद विधायक विनय यादव ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया। विधायक का कहना है कि क्षेत्र में रात को कुछ प्रत्याशी पैसे बांट रहे थे, जिससे जनता नाराज थी और इस नाराजगी का नतीजा यह घटना हो सकती है। उन्होंने अपने परिवार के किसी भी सदस्य की संलिप्तता से इनकार किया है।
 
पुलिस ने दर्ज किए दो मामले
शेरघाटी के एएसपी शैलेश सिंह ने बताया कि अमित दांगी की शिकायत पर दो अलग-अलग केस दर्ज किए गए हैं। पहला मामला जानलेवा हमले का है, जबकि दूसरा उनके समर्थकों के साथ मारपीट का। दूसरी ओर राजद समर्थकों ने भी अमित दांगी और उनके कार्यकर्ताओं पर पैसे बांटने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है और घटना के पीछे की सच्चाई का पता लगाने में जुटी है।
 
पैक्स चुनाव से पहले तनावपूर्ण माहौल
इस हमले ने चुनाव से ठीक पहले इलाके का माहौल गर्मा दिया है। पैक्स चुनाव में भाजपा और राजद प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है, जिसके चलते दोनों दलों के समर्थकों में तनाव है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें