औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर बतसपुर के पास टोल गेट के सामने एक बेलगाम ट्रक सड़क किनारे खड़े तीन बच्चे और एक बुजुर्ग को रौंदते हुए खड्ड में जा गिरा। दुर्घटना में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य सभी घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से इलाज के लिए मदनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
एक महीने के अंदर परिवार ने हादसे में दो को मरते देखा
हादसे की सूचना मिलते मदनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। मृत बच्चे की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के कुशहा गांव निवासी सुरजीत यादव के पुत्र विक्रम कुमार (12) के रूप में की गई है। वहीं दो घायल बच्चों की पहचान कुशहा गांव के गया प्रसाद यादव के पुत्र प्रियांशु कुमार (12) और योगेंद्र यादव के पुत्र संकित कुमार (14) के रूप में हुई है। घायल बुजुर्ग अपनी विवाहित बेटी के घर कुशहा आए हुए थे। गौरतलब हो कि जितिया पर्व के दिन मृतक की चचेरी बहन की मौत हुई थी और उसके महज एक महीने बाद चचेरे भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। एक भाई संकित कुमार अस्पताल में है।