फेसबुक पर हुई एक दोस्ती गया के युवक के लिए ऐसा जाल बन गई, जिसमें फंसकर उसने जिंदगी भर की जमा-पूंजी गंवा दी। युवती की मीठी बातें, बड़े बिजनेस और मोटे मुनाफे के सपने दिखाकर साइबर ठगों ने युवक से 10.67 लाख रुपये ठग लिए। मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने को लेकर सतर्क हो गए हैं।
फेसबुक चैट से शुरू हुई दोस्ती
गया जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुरुआ बाजार निवासी एक युवक फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद ठगी का शिकार हो गया। बताया जाता है कि कुछ दिनों पहले युवक की पहचान फेसबुक पर पल्लवी अग्रवाल नाम की एक युवती से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती रही। धीरे-धीरे फेसबुक चैट मोबाइल कॉल और व्हाट्सएप बातचीत तक पहुंच गई। युवती की मीठी और घुमावदार बातों से युवक इतना प्रभावित हुआ कि उसने उस पर आंख मूंदकर भरोसा कर लिया।
बिजनेस प्रॉफिट का दिखाया सपना
इसी दौरान युवती ने युवक को अपने कुछ अन्य साथियों से भी संपर्क कराया। इसके बाद साइबर ठगी का पूरा खेल शुरू हुआ। युवती ने खुद को बड़े बिजनेस नेटवर्क से जुड़ा बताते हुए युवक को निवेश करने पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। शुरुआत में ठगों ने युवक का भरोसा जीतने के लिए कुछ रुपये वापस भी किए, जिससे उसे लगा कि कारोबार असली है और इसमें फायदा मिल सकता है।
धीरे-धीरे खाते से निकलते गए लाखों रुपये
इसके बाद युवक पर लगातार ज्यादा निवेश करने का दबाव बनाया जाने लगा। पांच मार्च से 18 मार्च के बीच यूपीआई, एनईएफटी और आरटीजीएस के जरिए अलग-अलग खातों में कुल 10 लाख 67 हजार 270 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। जब युवक ने अपनी रकम वापस मांगी तो ठग बहानेबाजी करने लगे और बाद में संपर्क पूरी तरह तोड़ दिया।
साइबर थाने पहुंचा मामला
खुद को ठगा महसूस करने के बाद पीड़ित युवक ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। साइबर टीम ट्रांजैक्शन डिटेल और बैंक खातों की जांच कर रही है, ताकि ठगों तक पहुंचा जा सके।
ये भी पढ़ें:
पटना में कितना महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, सीएनजी का क्या रेट है? लोगों में नाराजगी
इलाके में चर्चा, अभिभावक भी सतर्क
घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग अब सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने से बचने की सलाह दे रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों और युवाओं को फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि साइबर ठग अब भावनाओं और भरोसे का फायदा उठाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं।