चुनावी साल में बिहार की नीतीश सरकार दलितों पर पहले से ज्यादा मेहरबान हो गई है। सरकार ने अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को लाभ दिलाने के कल्याणकारी योजनाओं का पिटारा खोल दिया है। पिटारा खोलने यानी दलितों पर मेहरबानी के लिए सरकार ने अवसर भी विशेष ही चुना।
अवसर विशेष यानी भारतीय संविधान के रचयिता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 134वीं जयंती पर सरकार ने सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों के लिए डॉ. अंबेडकर समग्र सेवा अभियान शुरू किया है। अभियान की शुरुआत के दिन ही राज्य के सभी जिलों के एक-एक पंचायत के अनुसूचित जाति-जनजाति टोले में शिविर लगाकर उन्हे ऑन स्पॉट विकास योजनाओं से आच्छादित किया गया।
यह भी पढ़ें: शंकर बिगहा नरसंहार की कहानी रुला देगी, 10 मिनट में 23 लोगों को उतारा मौत के घाट
दाउदनगर के मनार पंचायत में लगे शिविर में 398 लोगों को मिला ऑन स्पॉट लाभ
इसी कड़ी में औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड के मनार पंचायत के मनार दलित टोला में अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 विभागों के अधिकारियों ने दलित टोले के लोगों से अपने-अपने विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन लिया। विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त कुल 586 आवेदनों में 398 का ऑन स्पॉट निष्पादन किया गया। शेष 176 प्रक्रियाधीन आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया।
यह भी पढ़ें: बिहार के ANMMCH में मरीज से पैसे मांगने का मामला, जांच कमेटी गठित
इस दौरान राशन कार्ड के 35, उज्जवला योजना के 06, विद्यालय में दाखिला के 17, आंगनबाड़ी के 22, जन्म प्रमाण पत्र के 180, श्रमिक कार्ड के 60, आयुष्मान कार्ड के 04, पेंशन के 07, मातृ वंदना के 04, हर घर नल जल योजना के 01, मनरेगा जॉब के 22 एवं स्वच्छ भारत अभियान के 18 आवेदनों को ऑन स्पॉट निष्पादित किया गया। महज एक पंचायत के शिविर में सरकारी योजनाओं का लाभ दिए जाने की संख्या भले ही छोटी लग रही है लेकिन राज्य के सभी 38 जिलों के पंचायतों में दिए गए लाभ की गणना करने पर यह संख्या बहुत बड़ी हो जाएगी।
मिशन मोड में हो रहा अभियान का संचालन
औरंगाबाद के पहले विशेष शिविर के आंकड़ों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बताया कि अभियान का संचालन मिशन मोड में किया जा रहा है। अभियान का उदेश्य राज्य सरकार द्वारा सर्वांगीण विकास के लिए चलाई जा रही लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सर्व-सुलभ कराना एवं अभियान चलाकर लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित अनुसूचित जाति-जनजाति समुदाय के लोगों को आच्छादित करना तथा छूटे हुए योग्य लाभुकों को ऑन स्पॉट लाभ दिलाना है।
यह भी पढ़ें: एनडीए में जाने के सवाल पर मुकेश सहनी ने यह क्या कहा? डिप्टी सीएम की कुर्सी पर भी बोले VIP प्रमुख
जुलाई के अंत तक हर बुधवार और शनिवार को लगेगा शिविर
उन्होंने बताया कि इस तरह के विकास शिविर का आयोजन पूरे जिले में हर सप्ताह बुधवार और शनिवार को किया जाएगा। बुधवार को औरंगाबाद के प्रत्येक प्रखंड के आधे पंचायतों के एक-एक टोले में शिविर का आयोजन किया जाएगा। पुनः शनिवार को प्रत्येक प्रखंड के आधे पंचायतों के एक-एक टोले में शिविर का आयोजन किया जाएगा। डीएम ने बताया कि औरंगाबाद जिले में कुल 202 पंचायतें है। इनमें बुधवार को 101 और शनिवार को भी 101 पंचायतों में इस विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविरों का आयोजन जुलाई माह के अंत तक किया जाएगा। इन शिविरों में 22 विभागों से संबंधित आवेदनों का ऑन स्पॉट निष्पादन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: जीवेश मिश्रा बोले- राहुल गांधी ने तेजस्वी यादव को दिया 440 वोल्ट का झटका, CM दावेदारी पर साधी चुप्पी
शिविर की तारीख से पहले लिए जाएंगे आवेदन, कैम्प में होगा ऑन स्पॉट निष्पादन
शिविर के आयोजन के पूर्व विकास मित्र, पंचायत सचिव एवं पंचायत के अन्य कर्मियों द्वारा आवेदन लिए जा रहे है और आवेदनों का निष्पादन शिविर में ऑन स्पॉट किया जाएगा। साथ ही कतिपय कारणों से कुछ मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन नही होने की स्थिति में उन मामलों का संबंधित विभागों द्वारा तेजी से निपटारा किया जाएगा।