जहानाबाद जिला मुख्यालय के बीचों-बीच बह रही दरधा और जमुने नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण शहर के निचले इलाकों में अफरा-तफरी मच गई है। दरधा नदी पर बने जाफरगंज के पास पुलिया पर पानी का तेज बहाव हो रहा है, जिससे जाफरगंज मोहल्ले के लोग अपनी जान जोखिम में डालकर पुलिया पार कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से अब तक किसी प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके कारण लोग नदी के पानी से भरी पुलिया को पार करने को मजबूर हैं।
नदी का जलस्तर बढ़ने से जाफरगंज मोहल्ले के लगभग दो दर्जन से अधिक घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। नदी किनारे बसे दर्जनों घरों के लोग अपने-अपने घरों से सामान निकालकर ऊंचे स्थानों पर जाने को मजबूर हो रहे हैं। बता दें कि जहानाबाद जिला मुख्यालय के बीचों-बीच से दरधा और जमुने नदी गुजरती है। इन नदियों के दोनों किनारों पर लोगों ने अतिक्रमण कर घर बना लिए हैं। ऐसे में कई घरों में बाढ़ का पानी पहले ही घुस चुका है, जबकि अन्य घरों में भी पानी घुसने का खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि रात में अचानक दरधा और जमुने नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई और देखते ही देखते कई घरों में पानी घुस गया। पानी को बढ़ते देखकर लोग इधर-उधर भागने लगे। सबसे गंभीर स्थिति जाफरगंज जाने वाली पुलिया पर है, जहां पुल पर पानी चढ़ने के बावजूद लोग पुल पार करने से नहीं कतरा रहे हैं। लोग पैदल, साइकिल और ऑटो से पुलिया पार कर रहे हैं, जबकि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।