औरंगाबाद में दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना सोमवार को देर रात औरंगाबाद के रफीगंज प्रखंड में रफीगंज-दनई-बराही पथ पर कोटवारा गांव के पास हुई। मरने वालों की पहचान रफीगंज के ललिता सिनेमा हॉल के पास के रहने वाले दिलीप चंद्रवंशी के पुत्र रौशन कुमार(30) एवं नुनिया टिल्हा निवासी मो. फारूक के पुत्र नौशाद (22) के रूप में की गई है। दोनों एक ही बाइक से बराही बाजार से रफीगंज आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें रौशन और नौशाद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद रफीगंज सीएचसी पहुंचे परिजन
रौशन कपड़े की दुकान चलाता था
जानकारी के अनुसार मृतक रौशन और नौशाद अपने घर की बहनों के इकलौते भाई थे। रौशन बराही बाजार में कपड़े की दुकान चलाता था। वही नौशाद बराही में पैथोलॉजी जांच केंद्र चलाता था। दोनों सोमवार को देर शाम अपनी-अपनी दुकान बंद कर एक ही बाइक से वापस अपने घर रफीगंज लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों युवकों के शवों को परिजनों को सौंप दिया है। वही हादसे के बाद मृतकों के परिवार में हाहाकार मचा है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।