फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया मजदूर! फर्नीचर फैक्ट्री में दर्दनाक मौत, परिजनों ने लगाया बड़ा आरोप

Thu, 14 May 2026 09:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जहानाबाद

सार

Bihar: जहानाबाद जिले के सिकरिया स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में करंट लगने से मजदूर अरविंद कुमार की मौत हो गई। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि कंपनी का कहना है कि मृतक लाइन मेंटेनेंस का काम करता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जहानाबाद जिले के सिकरिया स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में काम कर रहे एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी और सन्नाटे का माहौल बन गया। मृतक की पहचान अरविंद कुमार के रूप में हुई है, जो जहानाबाद के छोटी कल्पा गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में सवेरा कंपनी के गोदरेज अलमारी और अन्य फर्नीचर बनाए जाते हैं। 

विज्ञापन


हादसे के बाद परिजनों में मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार, अरविंद कुमार ट्रांसफार्मर के पास काम कर रहे थे, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। फैक्ट्री परिसर में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और अन्य कर्मचारी मौके पर जमा हो गए।

परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि अरविंद कुमार की बहाली किसी अन्य कार्य के लिए की गई थी, लेकिन कंपनी प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनसे बिजली से जुड़ा काम कराया गया। उनका कहना है कि मृतक को इस तरह के तकनीकी कार्य की कोई जानकारी या प्रशिक्षण नहीं था।
विज्ञापन


कंपनी डायरेक्टर ने दी सफाई
वहीं, कंपनी के डायरेक्टर सुजीत कुमार ने बताया कि अरविंद कुमार की नियुक्ति जनरेटर और लाइन मेंटेनेंस के कार्य के लिए हुई थी। उन्होंने माना कि उस दिन स्टाफ की कमी थी, जिसके कारण उन्हें यह काम करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि सामान्यतः इस तरह के कार्य के लिए बाहर से बिजली विभाग के मिस्त्री बुलाए जाते थे, लेकिन इस बार अरविंद कुमार ने स्वयं यह काम करने का निर्णय लिया।

11 हजार वोल्ट का स्विच चालू रहने से हुआ हादसा
कंपनी डायरेक्टर के अनुसार, जांच के दौरान पता चला कि ट्रांसफार्मर का नीचे वाला स्विच बंद था, लेकिन ऊपर का 11 हजार वोल्ट का स्विच चालू रह गया था, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल से लेकर सदर अस्पताल तक प्रशासन की नजर बनी हुई है। पुलिस स्थानीय लोगों और फैक्ट्री कर्मियों से पूछताछ कर रही है। कंपनी प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। डायरेक्टर ने कहा कि इस मामले को लेकर कंपनी में बैठक की जाएगी और उचित निर्णय लेकर परिजनों को सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

ये भी पढ़ें: पति की मौत देख पत्नी ने भी त्याग दिए प्राण! बिहार में 20 मिनट के अंदर उठीं दो अर्थियां
विज्ञापन


पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल शव को प्रशासन ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें