असम के जोरहाट में हुए वायुसेना विमान हादसे में शहीद हुए फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार के निधन के बाद अब उनके मुआवजे और सरकारी लाभ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहीद के पिता अमरेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया है कि सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी लाभ उनके परिवार को देने के बजाय श्रेया राय नाम की एक युवती को दिए जा रहे हैं।
शहीद के पिता ने उठाए सवाल
हुलासगंज थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव निवासी अमरेंद्र शर्मा ने लाभार्थी चयन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि पूरे मामले में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। उनका कहना है कि शहीद के माता-पिता होने के नाते उन्हें भी सरकारी सहायता और मुआवजे पर अधिकार मिलना चाहिए। इस मामले पर जहानाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा ने कहा कि उपलब्ध आधिकारिक और विभागीय दस्तावेजों के अनुसार श्रेया राय ही फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार की कानूनी रूप से वैध पत्नी हैं। इसलिए नियमानुसार सरकारी सहायता और अन्य लाभ उन्हें दिए जा रहे हैं।
परिवार ने प्रशासन के दावे पर जताई आपत्ति
प्रशासन के दावे को चुनौती देते हुए अमरेंद्र शर्मा ने कहा कि यदि श्रेया राय वास्तव में शुभम की पत्नी हैं तो वह इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ क्यों नहीं रह रही हैं। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और बुजुर्ग माता-पिता के हितों की रक्षा करने की मांग की है। जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार ने गत शनिवार सुबह करीब नौ बजे अपनी मां से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी। वह सामान्य और खुश नजर आ रहे थे। उन्होंने मां से कहा था कि वह ड्यूटी पर जाने की जल्दी में हैं और बाद में आराम से बात करेंगे।
जोरहाट में हुआ था दर्दनाक विमान हादसा
वीडियो कॉल के लगभग एक घंटे बाद सुबह करीब 10 बजे जोरहाट वायुसेना स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान एएन-32 विमान अनियंत्रित होकर रनवे से फिसल गया। विमान दो हिस्सों में टूट गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार समेत पांच वायु योद्धाओं ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जबकि एक सह-पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी को लेकर भी उठ रहे सवाल
परिवार के लोगों का कहना है कि शुभम की शादी को लेकर पहले कभी सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी सामने नहीं आई थी। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ समय पहले परिवार की ओर से शादी की बात उठाई गई थी, लेकिन शुभम इस विषय को टाल रहे थे। अब उनके निधन के बाद एक युवती के पत्नी होने का दावा सामने आने से विवाद और गहरा गया है।
अभी जल्दी में हूं...
शुभम ने मां से कहा कि अभी जल्दी में हूं, बाद में फुर्सत से बात करूंगा। इस वीडियो कॉल के लगभग एक घंटे बाद, सुबह करीब 10 बजे जोरहाट वायुसेना स्टेशन पर लैंडिंग के दौरान AN-32 विमान अनियंत्रित होकर रनवे से फिसल गया. विमान दो हिस्सों में टूट गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में शुभम कुमार समेत पांच वायु योद्धाओं ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जबकि एक सह-पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल शुभम के परिवार पर आफत सी आ गई है, क्योंकि एक तरफ माता-पिता को पुत्र का खोने का गम है, तो दूसरी तरफ सरकारी लाभ लेने के लिए एक लड़की ने विवाद खड़ा कर दिया है।