महाराष्ट्र में पुणे के एक स्क्रैप व्यवसायी की बिहार के जहानाबाद जिले में हत्या हो गई है। जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र स्थित मननपुर गांव के पास से बीते शनिवार (12 अप्रैल, 2025) की एक सुबह लाश मिली थी। सोमवार (14 अप्रैल, 2025) को शव की पहचान हो पाई है। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के पुणे के स्क्रैप व्यवसायी लक्ष्मण साधु शिंदे के रूप में हुई है। वह स्क्रैप के व्यवसाय से जुड़े थे। इस मामले में पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।
घोसी के एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद जहानाबाद भेजकर पोस्टमॉर्टम करा दिया था। अब शव की पहचान महाराष्ट्र के पुणे के स्क्रैप व्यवसायी के रूप में हुई है। इस मामले में पटना के हवाई अड्डा थाने में व्यवसायी के अपहरण का मामला भी दर्ज किया गया था। विस्तृत जानकारी पटना पुलिस दे सकती है।
यह भी पढ़ें: जेपी से उबरी कांग्रेस, लालू यादव से नहीं पार पा सकी, बिहार विधानसभा में 196 से चार पर आई
इस पूरे मामले में जहानाबाद के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि घोसी थाने में यूडी केस दर्ज किया गया था। पटना की टीम से बात हुई है। हवाई अड्डा थाने में केस दर्ज हुआ है। वहां की भी टीम आई है। नालंदा और जहानाबाद की पुलिस भी जांच कर रही है। मुख्य जांच पटना पुलिस कर रही है, क्योंकि हवाई अड्डा थाने में मामला दर्ज है।
एसपी ने कहा कि अपराधी इनको (व्यवसायी) लेकर पटना, नालंदा, नवादा और जहानाबाद के बॉर्डर पर घूमें होंगे तो उन सभी बिंदुओं पर भी जांच हो रही है। अपराधियों के बारे में पटना पुलिस ही जानकारी दे पाएगी। व्यवसायी के बारे में एसपी ने कहा कि वो किस सिलसिले में आए, किसने बुलाया, किनके संपर्क में आए, ये अनुसंधान के बाद पता चलेगा।
यह भी पढ़ें: छोटे भाई ने बड़े को घोंपा चाकू, हालत गंभीर; आपसी विवाद के बाद सनकी युवक ने ऐसा किया
अज्ञात शव समझ पोस्टमॉर्टम करा दिया
बता दें कि शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। उसके बाद शव को अज्ञात समझकर उसका पोस्टमॉर्टम करा दिया गया था। माना जा रहा था कि कहीं दूसरी जगह हत्या के बाद शव को लाकर गांव में फेंक दिया गया होगा। अब जब पहचान हो गई है तो पटना से लेकर जहानाबाद तक हड़कंप मच गया है। इस घटना की सभी बिंदुओं पर जहानाबाद पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल, किसी की गिरफ्तारी इस मामले में नहीं हुई है।