फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar : सारे विधायक क्षेत्र छोड़ पटना नहीं गयाजी में रहेंगे दो दिन; क्या चल रहा? उप राष्ट्रपति और CM भी आएंगे

Fri, 10 Jul 2026 01:28 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गया

सार

गया के बिपार्ड परिसर में 11 और 12 जुलाई को बिहार विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायकों का दो दिवसीय प्रबोधन (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें भारत के उपराष्ट्रपति शामिल होंगे। विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधानसभा की कार्यप्रणाली और NEVA प्रणाली का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सुरक्षा और ट्रैफिक की विशेष व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन
गयाजी बिपार्ड की तस्वीर - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ज्ञान, तप और मोक्ष की पावन धरती गयाजी अब प्रशासनिक और लोकतांत्रिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनती जा रही है। पटना के बाद यदि गयाजी को बिहार की दूसरी प्रशासनिक राजधानी कहा जाए, तो यह अतिशयोक्ति नहीं होगी। 18 दिसंबर 2019 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक बिपार्ड परिसर से सटे राज्य वन प्रशिक्षण संस्थान के सभागार में आयोजित की गई थी। इसके बाद भी कई अहम सरकारी और प्रशासनिक बैठकों की मेजबानी गयाजी करता रहा है। अब एक बार फिर गयाजी राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में है। 11 और 12 जुलाई को बिपार्ड परिसर में बिहार विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में भारत के उपराष्ट्रपति और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति प्रस्तावित है। इस दौरान विधायक न केवल संसदीय परंपराओं, नियमों और प्रक्रियाओं की गहन जानकारी प्राप्त करेंगे, बल्कि नेवा (NEVA) जैसी आधुनिक तकनीक के माध्यम से विधानसभा की कार्यवाही को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और डिजिटल बनाने का प्रशिक्षण भी हासिल करेंगे।
विज्ञापन


उपराष्ट्रपति की मौजूदगी में मिलेगा लोकतंत्र का पाठ
बिहार विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों के लिए 11 और 12 जुलाई को गया स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में दो दिवसीय प्रबोधन (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन में 11 जुलाई को भारत के उपराष्ट्रपति शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और बिहार विधानसभा सचिवालय द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जबकि शहर में यातायात व्यवस्था में भी अस्थायी बदलाव किए गए हैं।

लोकतांत्रिक दायित्वों का मिलेगा प्रशिक्षण
बिहार विधानसभा सचिवालय के मुताबिक, इस प्रबोधन कार्यक्रम का उद्देश्य नवनिर्वाचित विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधानसभा की कार्यप्रणाली और विधायी जिम्मेदारियों से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना है। प्रशिक्षण के दौरान लोकसभा सचिवालय की संस्था PRIDE के विशेषज्ञ विभिन्न सत्रों में विधायकों को संसदीय प्रक्रिया, सदन के नियम, प्रश्नकाल, लोक महत्व के मुद्दे, आचार संहिता, प्रक्रियात्मक नियम और आधुनिक तकनीक आधारित नेवा (NEVA) प्रणाली की जानकारी देंगे।
विज्ञापन


गयाजी के बिपार्ड में दो दिन तक होगा विधायकों का विशेष प्रशिक्षण
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान बिहार विधानसभा के सभी जनप्रतिनिधि दो दिनों तक गयाजी स्थित बिपार्ड में विद्यार्थियों की तरह प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे और विभिन्न विषयों तथा व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन की जानकारी हासिल करेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का जायजा
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गया पहुंचकर बिपार्ड परिसर में तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

ये भी पढ़ें-  Nitish Kumar Health : नीतीश कुमार NDA बैठक से पहले बीमार! क्या हुआ, बैठक में जाएंगे या नहीं?

उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भारत के उपराष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, एसएसपी सुशील कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने बिपार्ड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

11 जुलाई को रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
प्रशासन के मुताबिक, 11 जुलाई को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। मानपुर से बोधगया अंडरपास तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं खुटकाचक, बिपार्ड, गेट नंबर-5, हवाई अड्डा मोड़ और धनावां मोड़ तक सामान्य वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। हालांकि, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है। आम लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।
विज्ञापन


गयाजी बनेगा लोकतांत्रिक प्रशिक्षण का केंद्र
दो दिनों तक गयाजी लोकतांत्रिक प्रशिक्षण और संसदीय विमर्श का केंद्र रहेगा। इस कार्यक्रम के जरिए नवनिर्वाचित विधायक न केवल संसदीय प्रक्रियाओं की बारीकियों को समझेंगे, बल्कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से सदन की कार्यवाही को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने का प्रशिक्षण भी प्राप्त करेंगे। उपराष्ट्रपति की उपस्थिति इस आयोजन को और अधिक महत्वपूर्ण बना रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें