औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के सलुपरा गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो बालिकाओं की नहर में डूबकर मौत हो गई। मृत बच्चियों की पहचान गांव के ही सुनील यादव की 11 वर्षीय पुत्री आरती कुमारी और कमलेश यादव की 14 वर्षीय पुत्री गुड़िया कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मां के साथ खेत में आई थीं बच्चियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बालिकाएं अपनी मांओं के साथ खेतों में धान की रोपनी के लिए आई थीं। खेत के समीप बह रही नहर के किनारे वे खेलने लगीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नहर में गिर गईं। नहर की तेज धार में दोनों बहने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही खेतों में काम कर रहे कुछ तैराकी जानने वाले मजदूर नहर में कूदे और काफी दूर जाकर दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद परिजन दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पढ़ें: जमीन रजिस्ट्री कराने आए युवक के साथ मारपीट, चाकू से किया घायल; अफरातफरी मची
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। परिजन सदमे में हैं और दोनों की मांओं का रो-रोकर बुरा हाल है। गांववाले भी इस घटना से गहरे आहत हैं।