बिहार के औरंगाबाद के गोह थाना पुलिस ने 14 साल से फरार चल रहे एक हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया है। पुलिस को करीब आधा दर्जन मामलों में उसकी सरगर्मी से तलाश थी। गिरफ्तार किया गया नक्सली रविरंजन पासवान ऊर्फ उदय उर्फ अवधेश पासवान गोह थाना के हसनपुर गांव का निवासी है।
पुलिस की स्पेशल टीम ने घर से दबोचा
दाउदनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार ऋषि राज ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि 14 साल से फरार और कई कांडों में संलिप्त वांछित नक्सली रविरंजन पासवान ऊर्फ उदय उर्फ अवधेश पासवान अपने गांव हसनपुर आया हुआ है। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक स्वपना गौतम मेश्राम के निर्देश पर उनके नेतृत्व में पुलिस की एक स्पेशल टीम गठित की गई। उसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई कर नक्सली को उसके घर से धर दबोचा।
इन मामलों में थी तलाश
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली पर औरंगाबाद के विभिन्न थानों में करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। इन मामलो में पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। अब आखिरकार पुलिस को उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिल गई। गिरफ्तार नक्सली के खिलाफ यूएपीए, 17 सीएलए, शस्त्र अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत गोह थाने में कांड संख्या-20/10, 84/10, 04/11, उपहारा थाना में कांड संख्या-45/10 और रफीगंज थाना में कांड संख्या-316/20 दर्ज है।
पुलिस की स्पेशल टीम में ये लोग रहे शामिल
हार्डकोर नक्सली को छापेमारी कर गिफ्तार करने वाली पुलिस की स्पेशल टीम में गोह थानाध्यक्ष कमलेश पासवान, सिपाही बमबम कुमार यादव, प्रभात कुमार, मंजुर आलम, विमलेश कुमार सिंह, रामाशीष पासवान, राकेश कुमार, चालक सिपाही विकास कुमार, चौकीदार जितेंद्र कुमार और महबूब अंसारी शामिल रहे।