Bihar: पुलिस के अनुसार, ललन यादव के खिलाफ गोह थाना कांड संख्या 61/12, 140/13, 73/16 और 105/18 दर्ज हैं। इन मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस को लगातार उसकी तलाश थी।
औरंगाबाद पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बीते 12 वर्षों से फरार चल रहे एक हार्डकोर नक्सली ललन यादव को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नक्सली गोह थाना क्षेत्र के जुझारपुर गांव का रहने वाला है।
विज्ञापन
दाउदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषिराज ने सोमवार की शाम जानकारी देते हुए बताया कि औरंगाबाद जिले को अपराध और नक्सल गतिविधियों से मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ललन यादव की गिरफ्तारी के लिए औरंगाबाद पुलिस और एसटीएफ की एक संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया था।
टीम को तकनीकी और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर लगातार इनपुट मिल रहे थे। सोमवार को गुप्त सूचना मिली कि वांछित नक्सली ललन यादव अपने गांव जुझारपुर में देखा गया है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम ने गांव की घेराबंदी कर छापेमारी की, जिसमें ललन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में ललन यादव ने कई नक्सली घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
अपराधिक इतिहास भी रहा है
पुलिस के अनुसार, ललन यादव के खिलाफ गोह थाना कांड संख्या 61/12, 140/13, 73/16 और 105/18 दर्ज हैं। इन मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस को लगातार उसकी तलाश थी।
नक्सलियों का गिरा मनोबल
एसडीपीओ कुमार ऋषिराज ने कहा कि औरंगाबाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई से नक्सलियों के मनोबल पर बड़ा असर पड़ा है। जिले में नक्सली गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। यह गिरफ्तारी नक्सल विरोधी अभियान में औरंगाबाद पुलिस की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।