मौके पर मौजूद वाहन जाम में फंसे
- फोटो : Amar Ujala
औरंगाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 जीटी रोड पर औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र में अंजनवां मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंद डाला। हादसे में दंपती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान सलैया थाना क्षेत्र के जोगड़ी गांव निवासी प्रहलाद पाल और उनकी पत्नी उर्मिला देवी के रूप में की गई है। मदनपुर थाना की पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रहलाद पाल अपनी शिक्षिका पत्नी उर्मिला देवी को बाइक से अंजनवा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान अंजनवां मोड़ के पास बाइक के एनएच-19 को पार करते वक्त विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दंपती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
हादसे की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों के शवों को सड़क पर रखकर एनएच-19 को जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशित मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने, दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने, साइनेज लगाने और फरार ट्रक चालक की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करने लगे। वहीं, एनएच-19 के दोनों लेन के जाम होते ही राष्ट्रीय राजमार्ग के पूर्वी और पश्चिमी दोनों छोर पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
ये भी पढ़ें-
बिहार: गंगा के रौद्र रूप में समाया 100 साल पुराना चैती दुर्गा मंदिर, राघोपुर तटबंध पर कटाव से मची दहशत
मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर पुलिस ने जाम हटवाया
वहीं, हादसे और सड़क जाम की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशितों से बात कर उन्हें सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा दिलाने और ट्रक चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशितों ने जाम समाप्त कर दिया।
फरार ट्रक और चालक की पहचान करने में जुटी पुलिस
जाम समाप्त कराने के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शवों को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लाया। मदनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वाहन और फरार ट्रक चालक की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है। वहीं, हादसे के बाद परिजनों में हाहाकार मचा है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। उनके गांव में मातम पसरा है। साथ ही शिक्षिका के स्कूल में भी गम का माहौल है।