बिहार में फिर प्रवेश करेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
- फोटो : अमर उजाला
भारत जोड़ो यात्रा-2.0 के तहत दक्षिण बिहार के कई जिलों का दौरा कर झारखंड के दौरे पर रह रहे राहुल गांधी बिहार में एक बार फिर से प्रवेश करेंगे। इस बार वे दक्षिण बिहार आएंगे। झारखंड से उनकी दक्षिण बिहार में एंट्री पलामू के बाद औरंगाबाद के संडा बॉर्डर के रास्ते होगी। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हैं। इसके तहत वे कई राज्यों में भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान राहुल गांधी बिहार भी आए थे। उन्होंने उत्तर बिहार के सीमांचल में कई जिलों की यात्रा की थी। इस दौरान किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार का भ्रमण किया था। इसके बाद उनकी औरंगाबाद की भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगी। यात्रा के दौरान सभा भी होगी। राहुल गांधी का यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित है।
जानकारी के मुताबिक, 15 फरवरी को राहुल गांधी झारखंड होकर दक्षिण बिहार में प्रवेश करेंगे। उनकी यात्रा बिहार-झारखंड की सीमा पर संडा से औरंगाबाद जिले में प्रवेश करेगी। बिहार की दूसरे चरण की यात्रा में राहुल गांधी के 15 और 16 फरवरी को यहां आने की संभावना है। संभावना जताई जा रही है कि 15 फरवरी को झारखंड से वे औरंगाबाद में कुटुंबा प्रखंड के संडा से प्रवेश करेंगे। औरंगाबाद में उनकी सभा 15 फरवरी को निर्धारित है। इसी दिन राहुल गांधी का रात्रि विश्राम सासाराम में निर्धारित है। यात्रा के दूसरे दिन राहुल 16 फरवरी को सासाराम से कैमूर होते हुए उत्तर प्रदेश में वाराणसी के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। फिलहाल राहुल ओडिशा में यात्रा कर रहे हैं। वहां से वापस झारखंड होकर वे पुनः बिहार में प्रवेश करेंगे।
इसके पहले राहुल गांधी बिहार की यात्रा के पहले चरण में सीमांचल के चार जिलों की यात्रा 29 जनवरी से 31 जनवरी तक पूरी कर चुके हैं। बिहार के पिछले दौरे में उन्होंने पूर्णिया में एक जनसभा को भी संबोधित किया था। कटिहार में रोड-शो कर वे बंगाल के मालदा जिले से होते हुए वहां की यात्रा पर निकल गए थे। अभी उनकी ओडिशा की यात्रा चल रही है।