बिहार के औरंगाबाद के बारूण थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 जीटी रोड पर एक लाइन होटल के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां गया जा रही कार को तेज रफ्तार एक कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाप-बेटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, एक कार में सवार पांच लोग सासाराम की ओर से गया के खिजरसराय जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-19 पर बारूण के एक लाइन होटल के पास तेज गति से आ रहे कंटेनर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार में सवार बाप-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं और उनकी हालत सामान्य है। कार को पिता ही चला रहा था, जबकि पुत्री आगे ही अपने पिता के बगल वाली सीट पर बैठी थी। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता हैं कि हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
वहीं, हादसे के बाद बारूण पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर और कार को जब्त कर लिया है। बारूण थानाध्यक्ष कुमार सौरभ ने बताया कि कंटेनर और कार में हुई टक्कर में कार सवार दो लोगों की मौत हुई है। जबकि कार में सवार अन्य तीन लोगों को हल्की चोटें आई हैं, तीनों सुरक्षित हैं। मृतकों की पहचान गया जिले के खिजरसराय निवासी अनूप प्रसाद (55) और उनकी बेटी अर्पणा कुमारी (25) के रूप में की गई है। पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल ले गई। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।