गया एयरपोर्ट पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन अब सख्ती से हो रहा है।
- फोटो : अमर उजाला
बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा का प्रवचन सुनने के लिए गया में जुट रहे श्रद्धालुओं के बीच से कोरोना की बड़ी खबर निकल कर सोमवार सुबह सामने आई है। 23-24 दिसंबर को गया आए विदेशी नागरिकों का कोरोना टेस्ट हुआ था, जिनमें से पांच पॉजिटिव निकले थे। शाम होते-होते इनकी संख्या 11 हो गई। इनमें से एक इंग्लैंड के हैं। बाकी में थाईलैंड और म्यांमार के सैलानी हैं। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के साथ ही दलाई लामा के प्रवचन कार्यक्रम को लेकर भी ऊहापोह की स्थिति बन गई है। करीब 40 देशों के 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु प्रवचन के लिए गया में रहेंगे। गया के जिलाधिकारी ने अब दलाई लामा के आसपास रहने वालों और मिलने वालों के लिए कोविड निगेटिव होने की पुष्टि जरूरी कर दी है।
म्यांमार के दूसरे सैलानी की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव
बिहार में विदेशी पर्यटकों के सबसे बड़े केंद्र गया में कोरोना का मामला सामने आते ही पूरे राज्य में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, 23-24 दिसंबर को विदेश से आए नागरिकों की रैपिड एंटीजन जांच में बैंकाक का एक नागरिक पॉजिटिव पाया गया था। उस पर्यटक की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में 27 लोगों की आरटीपीसीआर जांच कराई गई। इनमें से दो और पॉजिटिव निकल गए। यह दोनों भी बैंकाक के ही थे। इसके अलावा, दूसरी खेप के म्यांमार के यात्रियों में से दो सैलानी कोविड पॉजिटिव पाए गए। रैंडम जांच में कोरोना पॉजिटिव पाए गए इन पांच में से चार विदेशी नागरिकों को बोधगया के एक होटल में आइसोलेट कर दिया गया है। म्यांमार का एक सैलानी रिपोर्ट आने के पहले दिल्ली जा चुका था। म्यांमार के दूसरे सैलानी की दोबारा की गई जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई है। वह गया में ही है। शाम होते-होते कोविड पॉजिटिव विदेशियों की संख्या 11 हो गई। जो छह नाम नए जुड़े, उनमें एक इंग्लैंड का सैलानी है।
गया के अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कोविड वार्ड एक्टिव हुआ।
- फोटो : अमर उजाला
बोधगया के होटल में चार आइसोलेट, जांच काउंटर बढ़े
पांच विदेशियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की जानकारी के बाद ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पांव फूल रहे थे। सिविल सर्जन रंजन सिंह ने पुष्टि की कि 23-24 दिसंबर को गया एयरपोर्ट पर आरटीपीसीआर जांच हुई थी, जिनकी सोमवार सुबह रिपोर्ट आई। संक्रमण को नई जगह जाने से बचाने के लिए संक्रमित मिले चारों विदेशी नागरिकों को उसी होटल में आइसोलेट किया गया, जहां वह ठहरे थे। उनके आसपास रहे लोगों का पता लगाया जा रहा है। बोधगया में भी कोरोना जांच के काउंटर खोल दिए गए हैं। गया एयरपोर्ट पर जांच के काउंटर बढ़ा दिए गए हैं।
लोकल ट्रेवल हिस्ट्री जानकार सरकार के हाथ-पांव फूले
शाम में जब इनकी संख्या 11 हो गई तो सभी की लोकल ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में सुनकर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सांप सूंघ गया। रिपोर्ट का इंतजार किए बगैर कोविड के साथ यह लोग गया में सड़क, दुकान, होटल से लेकर मंदिर तक घूम चुके थे। ऐसे में गया में प्रस्तावित दलाई लामा के कार्यक्रम को लेकर संशय बढ़ता जा रहा है। कोविड पॉजिटिव विदेशी सैलानी जिन जगहों पर घूमे, उनके संपर्क में रहे लोग डर रहे हैं। सरकारी तंत्र अब इन पॉजिटिव लोगों की लोकल ट्रेवल हिस्ट्री का पता लगाकर संपर्क में आए सभी लोगों की जांच कराने की बात कह रहा है। ट्रेवल हिस्ट्री के मद्देनजर अब लोकल केस आने की आशंका बढ़ गई है।