बिहार में बाढ़ पीड़ितों का आक्रोश अब सामने आने लगा है। शनिवार को बाढ़ पीड़ितों ने भागलपुर में एसडीएम आशीष नारायण पर हमला कर दिया। वहीं मधेपुरा में सीओ को लोगों ने बंधक बना लिया। इतना ही नहीं, बाढ़ पीड़ितों ने सीओ को बाढ़ प्रभावित इलाकों में घुमाया भी। सीओ ने लोगों को बहुत समझाया बुझाया तब जाकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। जबकि, भागलपुर में लोगों का आक्रोश देखकर एसडीएम ने मौके से किसी तरह निकल कर अपनी जान बचाई।
दरअसल एसडीएम आशीष नारायण बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करने आए थे। इसी दौरान नाथनगर के रामचंद्रपुर नवटोलिया के पास उनकी गाड़ी पर गुस्साए बाढ़ पीड़ितों ने पथराव कर दिया। इसमें उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एसडीओ किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे लेकिन एसडीएम के गार्ड की बुरी तरह पिटाई कर दी गई। गार्ड ने बीच बचाव के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग की। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।