सिस्टम पर भड़के यूट्यूबर मनीष कश्यप
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिन पहले यूट्यूबर मनीष कश्यप के वायरल हुए वीडियो के कारण पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। पटना राजीव मिश्रा का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। साथ ही सभी से स्पष्टीकरण भी मांगा गया। बता दें कि 3 दिन पहले जेल में बंद यूट्यूबर मनीष कश्यप ने पटना सिविल कोर्ट में पेशी के दौरान हथकड़ी में ही एलान किया था कि "हम हटाएंगे नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव की सरकार। हम बनाएंगे सरकार। दिखाएंगे, कैसे चलती है सरकार।
शुक्रवार को पटना सिविल कोर्ट में यूट्यूबर मनीष कश्यप की पेशी थी लेकिन इस दौरान वह अपने पुराने तेवर में सरकार पर जमकर बरसे। पेशी के दौरान उन्होंने बिहार सरकार के सिस्टम पर ही सवाल उठा दिया था। जबतक हराऊंगी नहीं, मास्क नहीं उतारूंगी। नीतीश कुमार जी देखिए मनीष कश्यप मर जाएगा लेकिन आपके आगे नहीं झुकेगा। मैं फौजी का बेटा हूं मर जाऊंगा लेकिन झुकूंगा नहीं। वादा करता हूं कि एक दिन हम सरकार बनाएंगे भी,चलाएंगे भी और दिखाएंगे भी कि कैसे चलती है सरकार।
इस हाजत में गांजा, भांग, स्मैक और सिगरेट यानी हर नशा पहुंचता है
मनीष कश्यप ने बेऊर जेल प्रशासन पर सवाल खड़े करते कहा कि इस हाजत में गांजा, भांग, स्मैक और सिगरेट यानी हर नशा पहुंचता है। और इसे पहुंचाने वाले हैं वह लोग जिनके वर्दी में कंधे पर सिंगल या डबल स्टार लगा होता है। मनीष ने कहा कि कांस्टेबल इमानदार होता है,यह युवा होते हैं,इन्हें सस्पेंड कर दिया जाता है लेकिन जो सिंगल या डबल स्टार वाले लोग हैं असल में वहां तक नशा पहुंचाने का खेल वही करते हैं। इतना ही नहीं मुझे हाजत में उन नशेड़ियों के साथ बैठाया जाता है जो नशा करके धुंआ मेरे चेहरे पर फेंकते हैं। उनके ऐसा करने से मेरे सिर में दर्द होने लगता है।
मैं चारा चोर का बेटा नहीं, बल्कि फौजी का बेटा हूं
मनीष कश्यप ने यह आशंका जाहिर करते हुए कहा कि आप लोग रिकॉर्डिंग कर रहे हैं ना,
मेरे ऊपर फिर से यह लोग FIR कर देगा। मुझे फिर से झुकाने का प्रयास करेगा यह लोग। लेकिन मैं झुकूंगा नहीं। मनीष ने कहा कि मैं चारा चोर का बेटा नहीं बल्कि एक फौजी का बेटा हूं। मेरे दादाजी चीन से लड़े हैं लेकिन वह नहीं डरे। मेरे पिताजी पाकिस्तान से लड़े लेकिन वह नहीं डरे तो मैं आजाद भारत के आजाद बिहार में मैं इन नेता से डर जाऊंगा? यह हथकड़ी है ईमानदार आदमी के हाथ में लगाया है। यह लोग मुझे फिर से दबाने का प्रयास करेगा, लेकिन मैं नहीं डरूंगा इनसे।