एनएच107 जाम कर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते परीक्षार्थी
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के खगड़िया के पिपरा में बुधवार को एनएच 107 को सैयद वसी असरफ इंटर कॉलेज के परीक्षार्थियों ने जाम कर दिया है। प्रदर्शनकारी परीक्षार्थियों ने कॉलेज प्रशासन पर एडमिट कार्ड देने के लिए निर्धारित फीस का तीन गुना वसूलने का आरोप लगाया है। महेशखूंट-सहरसा जाने वाले एनएच 107 पर यातायात बाधित होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
मामला चौथम प्रखंड अंतर्गत स्थित सैयद वसी असरफ इंटर कॉलेज पिपरा का है। परीक्षार्थी बुधवार को यहां 11वीं की परीक्षा देने आए थे। बताया जा रहा है कि एडमिट कार्ड देने के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों से 1500 रुपये लिए जा रहे थे। इससे वे आक्रोशित हो गए और विरोध जताते हुए एनएच107 को जाम कर दिया। साथ ही कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसी कॉलेज की छात्रा पूजा कुमारी गुप्ता ने बताया कि हम 11वीं की परीक्षा देने आए थे। लेकिन यहां परीक्षा बंद कर दी गई है। कॉलेज की ओर से एडमिट कार्ड देने का मनमाना पैसा मांगा जा रहा है। एक अन्य छात्रा सबनम कुमारी ने बताया कि यहां कॉलेज एडमिट कार्ड देने का 1500 रुपये मांग रहा है। जबकि छात्र पंकज कुमार ने कहा कि रशीद भी कटी है, तब भी कॉलेज की ओर से एडमिट कार्ड के लिए 1500 रुपये मांगा जा रहे हैं। हम छात्र हैं, 1500 रुपये कहां से देंगे।
वहीं, परीक्षा कंट्रोलर रीता कुमारी ने कहा कि परीक्षा तीन मई से 10 मई के बीच होनी है। विद्यार्थियों से कितनी फीस लेनी है और परीक्षा कब लेनी है, यह कॉलेज की प्रबंधन समिति तय करती है। हमारी ओर से 500 रुपये की परीक्षा फीस और 500 रुपये का डेवलपमेंट शुल्क लिया जा रहा है।
रीता कुमारी ने कहा कि सरकार का ही नियम है कि विद्यार्थियों से ली गई फीस का 70 प्रतिशत स्टाफ को वेतन देने में और 30 प्रतिशत डेवलपमेंट में इस्तमाल करना है। सरकार न तो हमें डेवलपमेंट के लिए पैसा देती है और न ही पेमेंट देती है। कॉलेज को एफिलिएशन के लिए बिल्डिंग एरिया घट रहा है। अगर डेवलपमेंट शुल्क नहीं लिया जाएगा तो कॉलेज का डेवलपमेंट कैसे होगा। हमारे कॉलेज के लिए विद्यार्थियों से ली गई फीस ही पूंजी है।