जदयू एमएलसी राधा चरण शाह के आवास सहित कई ठिकानों पर केंद्रीय एजेंसी का छापा
- फोटो : अमर उजाला
आरा में जेडीयू एमएलसी के ठिकानों पर केंद्रीय एजेंसी की एक बार फिर से छापेमारी शुरू हो गई है। छापेमारी की जानकारी मिलने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। इससे पहले ईडी ने एमएलसी राधा चरण शाह उर्फ सेठ जी और उनके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद को समन भेजा था जिसमें यह कहा गया था कि वह 15 दिन के अंदर जवाब दे। ईडी की छापेमारी टीम के सीआरपीएफ जवान और स्थानीय पुलिस भी शामिल है।
इससे पूर्व भी हो चुकी है छापेमारी
इससे पहले भी सात फरवरी को जेडीयू एमलसी के दर्जनों ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई थी। हालांकि उस वक्त जेडीयू एमलसी राधाचरण आरा में मौजूद नहीं थे। इसके बावजूद भी अधिकारियों की टीम आवास पर पहुंची है। पिछली बार की तरह इस बार भी राधाचरण साह के नए और पुराने आवास के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया है। किसी को अंदर आने की इजाजत नहीं दी जा रही है। पिछली बार हुए छापेमारी के दौरान टीम ने देर शाम अनाईठ स्थित फार्म हाउस पर नोट गिनने के लिए दो मशीन भी मंगवाए थे।
छापेमारी होना कोई बड़ी बात नहीं
पिछली बार जब ईडी ने एमएलसी राधा चरण शाह उर्फ सेठ जी के घर पर छापेमारी हुई थी, उस समय चार दिनों तक दिन-रात छापेमारी चली थी। तब छापेमारी के बाद जेडीयू एमलसी राधाचरण साह मीडिया के सामने बोले थे कि मेरे लिए यह सौभाग्य की बात है कि मेरे यहां छापेमारी हो रही है। एक मोटरसाइकिल भी बेनामी नहीं मिल पाई है, संपत्ति तो दूर की बात है। उन्होंने कहा था कि पिछली बार भी हमारे सभी खाते भी खंगाले गए थे। उन्होंने कहा था कि एक लम्बे समय से हमारा पूरा परिवार व्यापार करता आ रहा है। इस स्थिति में इनकम टैक्स के द्वारा छापेमारी करना कोई बड़ी बात नहीं है।