बांका एसडीएम अरुण कुमार सिंह और बेलहर एसडीपीओ घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
मातम का पर्व मोहर्रम पूरे बांका जिले में मनाया जा रहा है, जिसको लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद भी है। लेकिन एक चूक से बड़ी घटना होते-होते रह गई। दरअसल, बांका के कटोरिया प्रखंड में मोहर्रम को लेकर ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था। इस दौरान हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से जुलूस में शामिल करीब दर्जन भर लोग झुलस गए। सभी घायल लोगों को कटोरिया रेफरल अस्पताल लाया गया। जहां सभी का इलाज जारी है। घटना बांका जिले के सुईया थाना क्षेत्र के अबरखा की है।
बिजली के करंट से झुलसे लोगों में असगर अंसारी पिता रफीक अंसारी, मो. फकरुद्दीन अंसारी पिता हारून मियां, मुख्तार अंसारी पिता कादिर अंसारी, आलम अंसारी पिता हेमताली मियां, मो. रज्जाक अंसारी पिता कादिर अंसारी, अमजद अंसारी पिता सुलेमान, मोइन अंसारी, सरफुद्दीन मियां, कस्मीर अंसारी, नजमिन्न बीबी, रजाबुल अंसारी और अकबर अंसारी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के जैरुआ गांव से ताजिया अखाड़ा के लिए निकला था और अबरखा आते-आते बिजली के तार की चपेट में आ गया। घटना को लेकर कुछ समय तक जुलूस में अफरातफरी का माहौल भी कायम हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही बांका एसडीएम अरुण कुमार सिंह और बेलहर एसडीपीओ ने कटोरिया रेफरल अस्पताल पहुंचकर लोगों से घटना की जानकारी ली। फिर उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से घायलों का इलाज ढंग से करने का निर्देश दिया।
साथ ही बिजली विभाग के लापरवाह कर्मी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की बात भी कही। वैसे मोहर्रम के दौरान ताजिया जुलूस को लेकर सुबह और शाम तब तक बिजली आपूर्ति ठप रखी जाती है जब तक कि सभी ताजिये अपने निश्चित स्थान पर लौट न जाएं।