डॉ. सोनू राम शंकर, विश्वविद्यालय के नए उप परीक्षा नियंत्रक
- फोटो : अमर उजाला
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) में डॉ. आनंद प्रकाश गुप्ता को उप परीक्षा नियंत्रक (सामान्य शिक्षा) के पदभार से मुक्त कर दिया गया है। अब विश्वविद्यालय के पीजी रसायन विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सोनू राम शंकर को तत्काल प्रभाव से उप परीक्षा नियंत्रक (सामान्य शिक्षा) का पदभार सौंपा गया है। कुलसचिव डॉ. अजय कुमार पंडित ने अधिसूचना शनिवार को जारी कर दी है।
अधिसूचना के अनुसार डॉ. गुप्ता के अनुरोध पर उन्हें पदभार से मुक्त कर दिया गया है। शुक्रवार को परीक्षा विभाग में कुछ छात्रों ने डॉ. गुप्ता के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उनके साथ हाथापाई भी की थी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। इसके बाद डॉ. गुप्ता ने घटना की पूरी जानकारी देते हुए पदमुक्त करने का अनुरोध कुलपति से किया था।
इधर, परीक्षा विभाग में घटी घटना को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वविद्यालय थाना को प्राथमिकी दर्ज कराई है। आवेदन में दो छात्रों को चिह्नित करते हुए नामजद किया गया है। इसके साथ ही कई अज्ञात छात्रों को भी आरोपित किया गया है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार की घटना पूर्व नियोजित थी। छात्र के रूप में कुछ युवक हंगामा करने के उद्देश्य से ही पहुंचे थे और उन लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इस दौरान दो छात्र चिह्नित किए गए, जिनका नाम उन्होंने अपने आवेदन में दिया था। अन्य छात्रों की पहचान वायरल वीडियो और विश्वविद्यालय परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से की जा सकती है।
बीते दिन घटी घटना के बाद उप परीक्षा नियंत्रक डॉ. आनंद प्रकाश गुप्ता ने कुलपति डॉ. एसपी सिंह को पत्र लिखकर कहा था कि इस तरह की अराजकता के माहौल में काम कर पाना मेरे लिए संभव नहीं है। उन्हें पद मुक्त कर दिया जाए। इस मामले को कुलपति ने तत्काल उनके आवेदन पर सुनवाई कर उन्हें पदमुक्त कर दिया है।
LNMU के पीजी रसायन विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. सोनू राम शंकर को तत्काल प्रभाव से उप परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अजय कुमार पंडित ने अधिसूचना शनिवार को जारी कर दी है।