राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बहू ऐश्वर्या राय ने अपनी सास राबड़ी देवी और ननद मीसा भारती पर घर से धक्का मारकर बाहर निकालने का आरोप लगाया है। उन्होंने सास राबड़ी देवी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बताया कि आज उन्हें खाना तक नहीं दिया गया।
रविवार दोपहर राबड़ी देवी के सरकारी आवास के बाहर जबरदस्त हंगामा हुआ। लालू प्रसाद यादव की बहू और बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय राबड़ी आवास से बाहर निकलीं और वहां उनके पिता चंद्रिका राय और मां भी मौजूद थे। इसके बाद ऐश्वर्या ने बताया कि राबड़ी देवी ने उन्हें धक्का देकर घर से निकाल दिया है।
बता दें कि तेज प्रताप यादव ने उनके खिलाफ तलाक का मुकदमा दर्ज किया है। तलाक के मुकदमे के बावजूद भी ऐश्वर्या राय अपनी सास राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर रह रहीं थीं।
इसके पहले भी 14 सितंबर की दोपहर ऐश्वर्या राय अचानक राबड़ी आवास से रोती हुई निकलीं थीं। घर से निकलने के बाद वे अपने पिता की गाड़ी में बैठकर मायके चलीं गईं। अब ऐसा लग रहा है कि दोनो परिवार के संबंध दिनो-दिन बिगड़ते जा रहे हैं।