विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी पर दरभंगा में भाजपा नेता को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। कुशेश्वरस्थान पूर्वी के भाजपा महामंत्री संतोष यादव ने तिलकेश्वर थाने में आवेदन देकर मुकेश सहनी पर धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को एक ऑडियो क्लिप भी सौंपा है। तिलकेश्वर थानाध्यक्ष ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें: श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश की कमान, किन्हें-क्या जिम्मेदारी मिली जानिए?
भाजपा नेता संतोष यादव ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि 14 नवंबर को मुकेश सहनी ने उन्हें फोन कर बातचीत के लिए बुलाया था। इस दौरान फोन पर उनसे पूछा गया कि वे मंदिर क्यों नहीं बनने दे रहे हैं। इस पर संतोष यादव ने जवाब दिया कि मंदिर सार्वजनिक रूप से बन रहा है और उसे सार्वजनिक ही रहने दिया जाना चाहिए। आरोप है कि इस पर मुकेश सहनी ने धमकी भरे लहजे में कहा कि तुम दुनिया में रहोगे, तभी मंदिर को सार्वजनिक कराओगे। तुम हमें पहचानते नहीं हो।
संतोष यादव के अनुसार, 15 नवंबर को मुकेश सहनी ने उनके गांव महुसौत में सहनी समाज की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाज के लोगों को उकसाते हुए संतोष यादव को छह इंच छोटा करने की धमकी दी। इस पूरे मामले पर तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केशरी नंदन कुमार राम ने कहा कि संतोष यादव का आवेदन मिला है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।