भारत-पाकिस्तान के "सिंदूर ऑपरेशन" के बाद अब भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है। इंडो-नेपाल सीमा पर एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के जवान पूरी तरह से अलर्ट पर हैं। इसी दौरान, एसएसबी के जवानों ने नेपाल सीमा के पास से तीन विदेशी नागरिकों को संदिग्ध हालत में पकड़ा है। इनमें एक चीनी नागरिक और दो नेपाली नागरिक शामिल हैं। चीनी नागरिक ने अपना नाम "यूसिसु" बताया है।
एसएसबी के जवानों ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर उन्हें लदनिया थाना पुलिस को सौंप दिया। एसएसबी के बीओपी (बॉर्डर आउट पोस्ट) अधिकारी विक्रांत कुमार ने बताया कि ये तीनों संदिग्ध हालत में सीमा के पास घूम रहे थे।
यह भी पढ़ें: 4415 करोड़ रुपये की यह परियोजना बाढ़ की समस्या से निपटने में करेगी मदद, पढ़िए पूरी खबर
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मधुबनी के एसपी योगेंद्र कुमार और जयनगर के डीएसपी विप्लव कुमार भी लदनिया थाना पहुंचे और तीनों से गहराई से पूछताछ की। एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह खुली होने के कारण कई बार विदेशी लोग नेपाल के रास्ते भारत में घुसने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से वहां निगरानी बढ़ा दी गई है और जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। अभी तक ऐसे कई विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।