समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थानाक्षेत्र के जंदाहा चौक के पास बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बंडीहा वार्ड-4 निवासी रामनाथ मंडल के बेटे मंजेश कुमार (23) के रूप में हुई है, जो दरभंगा में रहकर मेडिकल की तैयारी कर रहा था। शव पर कई जगह चोट के निशान मिलने से आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या पीट-पीट कर की गई है।
जानकारी के मुताबिक, मंजेश विश्वकर्मा पूजा से एक दिन पहले 16 सितंबर को अपने गांव लौटा था। 17 सितंबर की रात भोज खाने के बाद वह अपने दोस्तों के साथ गांव में लगे आर्केस्ट्रा देखने निकला था। रात करीब दो बजे उसके दोस्तों ने परिवार को सूचना दी कि मंजेश का शव जंदाहा के पास सड़क किनारे पड़ा हुआ है।
मृतक के शरीर पर कई जगह जख्म के निशान मिलने से घटना के पीछे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि परिजन घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं कर पाए हैं। मंजेश के पिता गुवाहाटी में मजदूरी करते हैं।
मंजेश के चचेरे भाई कमल किशोर ने बताया कि मंजेश विश्वकर्मा पूजा के भोज में मित्र राजीव के साथ गया था। फिर वहीं से आर्केस्ट्रा देखने चला गया। राजीव के फरार होने और उसके मोबाइल फोन के बंद होने से हत्या की आशंका को और बल मिला है।
रोसड़ा थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में सड़क दुर्घटना की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी एंगल से जांच की जा रही है।