समस्तीपुर दरभंगा मुख्य पथ पर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रामपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से स्वर्ण व्यवसायी की मौत हो गई। मृतक व्यवसायी जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के सिनेमा चौक निवासी सुरेश साह का बेटा राजू साह (25) बताया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्यों के बीच कोहराम मच गया। वहीं, पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक, राजू साह सोमवार को दिन में अपने साढ़ू से मिलने के लिए दरभंगा गया हुआ था। वह आधी रात को बाइक से दरभंगा से समस्तीपुर लौट रहा था। इसी दौरान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रामपुरा मोड़ के पास किसी वाहन से उसकी टक्कर हो गई। सड़क किनारे खून से लथपथ बाइक सवार को देख स्थानीय लोगों ने कल्याणपुर थाने को सूचना दी।
इसके बाद कल्याणपुर पुलिस की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस टीम युवक को उठाकर समस्तीपुर सदर अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में युवक की पहचान नहीं हो पाई थी। मंगलवार सुबह उसकी पहचान हुई। हालांकि हादसा किस वाहन से हुआ है, इसका पता नहीं चल सका है। माना जा रहा है कि किसी बड़े वाहन से उसकी टक्कर हुई है, क्योंकि बाइक भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई है।
वहीं, बाइक के नंबर के आधार पर युवक की पहचान की गई। उसके बाद कल्याणपुर पुलिस ने परिवार के लोगों को सूचना दी। बताया जा रहा है कि युवक रोसड़ा शहर में सिनेमा चौक के पास ज्वेलरी की दुकान चलाता था। सोमवार को वह अपने एक संबंधी के यहां गया हुआ था, आधी रात को लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।
कल्याणपुर पुलिस ने शव की पहचान होने के बाद पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में अज्ञात वाहन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।