मंगलवार से लापता युवक का शव गांव के एक खेत में बने गड्ढे से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छतौना पंचायत का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान भुसारी निवासी सुधांशु कुमार उर्फ शर्मा जी के रूप में हुई है। हालांकि अब तक उसका सिर बरामद नहीं हो सका है।
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार जल्द ही मृतक का सिर भी बरामद किए जाने की संभावना है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने एक एसआईटी टीम का गठन किया है, जो लगातार छापेमारी कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस इस हत्याकांड को पहले हुई एक हत्या की घटना से भी जोड़कर देख रही है, जिसमें सुधांशु आरोपी बताया जाता था। इस एंगल से भी जांच की जा रही है कि कहीं यह हत्या प्रतिशोध में तो नहीं की गई।
सुधांशु के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की थी। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस भी युवक की तलाश में जुटी हुई थी।
पढ़ें: पूर्णिया में ट्यूशन शिक्षक की बेरहमी से हत्या, मक्के के खेत में चाकू से गोदा हुआ शव मिला; सनसनी
इसी बीच शुक्रवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक खाली पड़े खेत में मिट्टी उथली देखी। शक होने पर जब वहां खुदाई की गई तो मिट्टी में बोरे में बंद युवक का शव दबा हुआ मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ग्रामीण वर्चस्व को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है, जो शव के कटे हुए सिर की तलाश में जुटी है।
एएसपी सह सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि युवक की बेहद बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर कई जगह गहरे जख्म के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह घटना प्रतिशोध में की गई प्रतीत होती है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।