समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के बहुदरा चौक के पास गुरुवार रात अज्ञात हाइवा वाहन की टक्कर से एक सीएसपी संचालक की मौत हो गई। मृतक सीएसपी संचालक की पहचान पूसा थानाक्षेत्र के मोरसंड गांव निवासी राज किशोर मिश्र के बेटे राजेश रंजन उर्फ माठो (33) के तौर पर की गई। घटना की सूचना के बाद पारिवारिक सदस्यों के बीच कोहराम मच गया। सदर अस्पताल से नगर पुलिस ने आधी रात को शव को जब्त कर रात में ही पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के मुताबिक, सीएसपी संचालक राजेश रंजन अपना सीएसपी बंद करने के बाद देर रात बाइक से वापस गांव मोरसंड लौट रहे थे। इसी दौरान समस्तीपुर की ओर से जा रहे एक हाइवा वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। काफी देर तक राजेश सड़क पर ही पड़े रहे। बाद में जब परिवार के लोगों को जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचकर उन्हें तत्काल समस्तीपुर सदर अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, सदर अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची नगर पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर रात में ही पोस्टमार्टम करवाया।
नगर थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार ने बताया कि परिवार के लोगों ने बताया कि किसी हाइवा वाहन की टक्कर से सीएसपी संचालक की मौत हुई है। अभी परिवार के लोगों ने आवेदन नहीं दिया है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।