मधुबनी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 75 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू हो गई। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा को कदाचारमुक्त और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। परीक्षा शुरू होते ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की आवाजाही देखी गई।
मधुबनी जिले में परीक्षा की शुरुआत
मधुबनी जिले में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटर परीक्षा 2026 की आज से शुरुआत हुई। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा के पहले दिन खराब मौसम के कारण परीक्षार्थियों को कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, क्योंकि सुबह 10 बजे तक घना कुहासा छाया रहा।
आदर्श परीक्षा केंद्र की पहल
परीक्षार्थियों का मनोबल बढ़ाने और परीक्षा के तनाव को कम करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आदर्श परीक्षा केंद्र भी बनाया गया है। इस पहल का असर केंद्र पर पहुंची छात्राओं के चेहरे पर साफ नजर आया, जिसे छात्राओं ने काफी पसंद किया।
इंटर परीक्षा देने पहुंचीं प्रिया कुमारी और कनक कुमारी ने बताया कि शुरुआत में सघन जांच और भारी पुलिस बल को देखकर डर लग रहा था। हालांकि केंद्र पर पहुंचने के बाद वातावरण बिल्कुल अलग लगा, जिससे मन का डर खत्म हो गया और तनाव कम हुआ। उन्होंने कहा कि अब परीक्षा बेहतर होने की उम्मीद है।
पढ़ें- BSEB: भागलपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच इंटर परीक्षा शुरू, इस परीक्षा केंद्र पर छात्राओं का फूलों से स्वागत
प्रवेश और समय को लेकर सख्ती
जिला प्रशासन कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन के आदेश पर सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के नियमों का अक्षरशः पालन कराया जा रहा है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से निर्धारित है, जिसमें 9:00 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी गई। दूसरी पाली की परीक्षा 1:30 बजे से शुरू हुई और इसके लिए 1:00 बजे तक प्रवेश समय रखा गया, इसके बाद किसी को अंदर नहीं जाने दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की पहल
सभी परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट के साथ भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। केंद्र में प्रवेश से पहले छात्र-छात्राओं के मन में जो भय रहता है, उसे कम करने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है, ताकि परीक्षार्थी शांत और सकारात्मक माहौल में परीक्षा दे सकें।