मधुबनी जिले के नरहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरापट्टी गांव के पास एनएच-27 पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। रविवार को एक बारात लेकर जा रही निजी ट्रैवल बस और एक ट्रैक्टर के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
बारातियों से भरी बस अररिया से झंझारपुर जा रही थी
जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब अररिया जिले से झंझारपुर की ओर जा रही निजी ट्रैवल बस, चतरापट्टी गांव के पास एनएच-27 पर एक ट्रैक्टर से टकरा गई। यह बस एक बारात को लेकर जा रही थी और काफी तेज रफ्तार में थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग सीटों से उछलकर गिर पड़े।
यह भी पढ़ें- Bihar: हैदराबाद से लौटा युवक, दोस्तों ने बुला लिया, फिर घर के बाहर मिला शव; परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही नरहिया थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को फुलपरास अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने संजय साह नामक एक युवक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। मृतक संजय साह के संबंध में बताया गया कि वह बारातियों के साथ बस में सवार था और हादसे में सबसे ज्यादा चोट उसी को लगी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों ने जताया शोक, चाचा की मौत से सदमे में परिवार
घटना के बाद मृतक के भतीजे कुंदन कुमार ने बताया कि बस अररिया से झंझारपुर जा रही थी, तभी अचानक चतरापट्टी के पास यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि उनके चाचा की मौत हो गई है और परिवार गहरे सदमे में है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शोक का माहौल छा गया।
हादसे के बाद पुलिस ने जब्त किए वाहन, शुरू हुई जांच
दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस ने बस और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों वाहनों की तकनीकी जांच की जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किसकी लापरवाही से हुआ। साथ ही दोनों वाहन चालकों से भी पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: चिराग पासवान का बड़ा एलान, कहा- NDA की मजबूती के लिए मेरी पार्टी 243 सीटों पर लड़ेगी चुनाव