आरोपी थाना चौकीदारों को निलंबित कर दिया गया है
- फोटो : अमर उजाला
दरभंगा जिले के केवटी थाने के दो चौकीदारों का बार बालाओं के साथ डांस वीडियो वायरल होने और एक निर्दोष व्यक्ति की थाने में हुई पिटाई के मामले को एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने केवटी थानाध्यक्ष रंजीत शर्मा और बार बालाओं के साथ डांस करने वाले दोनों चौकीदार सोनू पासवान तथा ओम पासवान के खिलाफ कार्रवाई के लिए जिला पदाधिकारी राजीव रोशन को पत्र लिखा है।
जानकारी के मुताबिक, केवटी थाने के चौकीदार के बेटे के जन्मदिन की पार्टी के दौरान बार बालाओं को डांस के लिए बुलाया गया था। साथ ही शराब पार्टी का भी आयोजन किया गया था। इस आयोजन के बाद जहां स्थानीय लोगों द्वारा थाने में शिकायत करने वाले पुलिस द्वारा पिटाई भी गई थी।
वहीं, इसके बाद बार बालाओं के डांस का वीडियो काफी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले की जांच का जिम्मा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कमतौल के इंस्पेक्टर को दिया था। शनिवार को दी गई जांच रिपोर्ट में वायरल वीडियो सही पाया गया इसके बाद थानाध्यक्ष सहित दो चौकीदारों को निलंबित कर दिया गया है।