मृतक युवक की फाइल फोटो पोस्टमार्टम के लिए शुक्रवार रात पहुंचे परिजन
समस्तीपुर-रोसड़ा मुख्य पथ पर अंगारघाट थाना क्षेत्र के मुरियारो ढाला के पास शुक्रवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के सतमलपुर गांव के स्वर्गीय अकलू महतो का पुत्र शिवम कुमार महतो 24 वर्ष बतलाया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।
मृतक युवक के मामा राम सुंदर महतो ने बताया कि उनका भांजा शिवम अपने दोस्त गंगा प्रसाद महतो के साथ अपनी बहन के घर फतेहपुर मुसरीघरारी थाना क्षेत्र गया था। बहन के यहां से जब वह बाइक से वापस अंगार घाट होते हुए सतमलपुर आ रहा था, इसी दौरान मुरियारों के पास उसकी बाइक असंतुलित हो गई और दोनों युवक बाइक से नीचे गिर गए। इस घटना में मौके पर ही शिवम की मौत हो गई। उसके दोस्त को भी चोट है। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई । स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर अपने साथ ले गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक युवक अभी बीए में पढ़ रहा था और जीवन यापन के लिए इधर-उधर मजदूरी भी किया करता था।
पुलिस पदाधिकारी ने क्या कहा
अंगार घाट थाना अध्यक्ष शिव ज्योति कुमारी ने बताया कि बाइक दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। युवक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है । इस मामले में अभी परिवार के लोगों ने आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।