फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल का भंडाफोड़, महिला परीक्षार्थी समेत सात लोग गिरफ्तार

Sun, 28 Jun 2026 10:43 PM IST
दरभंगा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दरभंगा

सार

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान दरभंगा में नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। जिले के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से एक महिला परीक्षार्थी सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से ब्लूटूथ, वॉकी-टॉकी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं।
विज्ञापन
दरभंगा में सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल गैंग का पर्दाफाश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार पुलिस में 933 पदों पर हो रही सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान दरभंगा में नकल कराने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। जिले के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों से एक महिला परीक्षार्थी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से ब्लूटूथ, वॉकी-टॉकी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। रविवार को दरभंगा में कुल 24 परीक्षा केंद्रों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी।

मारवाड़ी कॉलेज से महिला परीक्षार्थी और दो युवक गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मारवाड़ी कॉलेज परीक्षा केंद्र से नवादा जिले के नादरीगंज थाना क्षेत्र के परसा गांव निवासी मौसम सिंह को ब्लूटूथ के जरिए नकल करते हुए गिरफ्तार किया गया। वह वीरेंद्र सिंह की बेटी है। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद उसके भाई कुंदन सिंह और रजनीश सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि दोनों ब्लूटूथ के जरिए मौसम सिंह को परीक्षा में नकल करा रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षार्थी तक प्रश्नपत्र का सही सेट कैसे पहुंचा।

मारवाड़ी हाई स्कूल से चार और आरोपी पकड़े गए

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने मारवाड़ी हाई स्कूल परीक्षा केंद्र से दो परीक्षार्थियों और दो सहयोगियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से वॉकी-टॉकी, ब्लूटूथ और कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए। परीक्षा केंद्र के अंदर रोहतास जिले के इटवा गांव निवासी विद्यासागर कुमार और दावत थाना क्षेत्र के धवई गांव निवासी पंकज कुमार ब्लूटूथ के सहारे परीक्षा देते हुए पकड़े गए। वहीं परीक्षा केंद्र के बाहर से रोहतास निवासी धीरज कुमार और विकास कुमार को वॉकी-टॉकी के जरिए नकल कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें-  Bihar: बिरादरी का हो तब भी अपराधी का साथ क्यों?, पप्पू सहनी एनकाउंटर पर बरसे केंद्रीय मंत्री; जानें पूरा मामला

सभी आरोपियों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी

मारवाड़ी हाई स्कूल के प्राचार्य के आवेदन पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त कर लिए हैं। नगर थाना प्रभारी विशाल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे नकल गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें