बिहार के दरभंगा जिले में दो साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची के नाना पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बच्ची का इलाज चल रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम जांच में जुटी है।
बिहार के दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी दो साल की नतनी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। बच्ची को गंभीर हालत में इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। मामला सामने आने के बाद केवटी थाना पुलिस ने आरोपी विष्णु देव सदाय को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
विज्ञापन
वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। सदर डीएसपी-2 शुभेन्द्र कुमार सुमन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
मेला घुमाने के बहाने बच्ची को ले गया
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी विष्णु देव सदाय केवटी थाना क्षेत्र के धोबीगामा गांव का निवासी है। बताया जाता है कि वह शनिवार शाम अपने ससुराल आया था। वहां उसने अपने साले की दो साल की बेटी को मेला घुमाने की बात कही और उसे अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह बच्ची को गांव से करीब तीन से चार किलोमीटर दूर एक आम के बगीचे में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
विज्ञापन
देर रात तक नहीं लौटा तो तलाश में जुटा परिवार
परिवार के लोगों के अनुसार, काफी देर रात तक जब आरोपी बच्ची को लेकर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। कुछ समय बाद जब आरोपी बच्ची को लेकर लौटा, तो उसके शरीर से काफी खून निकल रहा था। बच्ची की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे तत्काल मोहम्मदपुर बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
आरोपी गिरफ्तार, FSL टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी विष्णु देव सदाय को गिरफ्तार कर लिया। सदर डीएसपी-2 शुभेन्द्र कुमार सुमन के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।